उत्तराखंड में निकाय चुनाव को लेकर ऐसा रंग चढ़ा कि कोटद्वार और हरिद्वार में एक युवक और युवती अपनी शादी से पहले वोट डालने पहुंचे। उन्हें देखकर हर कोई हतप्रभ रह गया। दुल्हन बनने से पहले कोटद्वार के लालपुर मतदान केंद्र पर मेहंदी के दिन वोट डालने के लिए अल्का कंडवाल पहुंचीं, तो वहीं हरिद्वार के लक्सर में विशेष चौधरी की मंढा का कार्यक्रम था। रविवार को तमाम मेहमान शादी की रस्म पूरा करने घर पहुंचे हुए थे, लेकिन विशेष चौधरी ने सबसे पहले मतदान को वरीयता दी। वहीं भीमताल में दो दूल्हे बारात ले जाने से पहले वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे तो वह अन्य मतदाताओं के आकर्षण का केंद्र बन गए। खास बात यह रही कि वोट डालने के बाद दोनों दूल्हे बारात लेकर अपनी-अपनी दुल्हन लेने के लिए मुरादाबाद चले गए।
ऐसा चढ़ा चुनाव का रंग, शादी से पहले वोट डालने पहुंचे दुल्हा-दुल्हन, विदेशी भी हुए फैन, झलकियां...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने अपनी पत्नी के साथ लाइन में लगकर कनखल सतीकुंड स्थित महिला महाविद्यालय में वार्ड नंबर 26 संदेश नगर में मतदान किया। सुबह 9 बजे महिला महाविद्यालय में वह अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। उन्होंने 18 साल से कम उम्र के बच्चों के नाम मतदाता सूची में होने के साथ नाम गायब होने की जांच कराकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भविष्य में दोनों मामलों में सतर्कता बरती जाएगी। हल्द्वानी में वार्ड 32 निवासी मो. अजहर दुबई से वोट डालने के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह अब 30 नवंबर को दुबई लौट जाएंगे।
नई टिहरी में वार्ड नंबर 9 के मतदाता और उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता विक्रम बिष्ट सुबह 9.30 बजे मतदान करने के लिए बूथ पर पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही उनके नाम का वोट किसी अन्य ने डाल दिया था। उन्होंने इसकी शिकायत रिटर्निंग आफिसर चतर सिंह चौहान से की, जिसके बाद आरओ के हस्तक्षेप पर टेंडर वोट डाला। बिना आईडी उनके नाम का वोट डालने पर उन्होंने प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
टिहरी में थर्ड जेंडर (किन्नर) स्वीटी में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखा। स्वीटी का कहना है कि वह हर चुनाव में अपना वोट अवश्य डालती हैं। कहा कि अच्छे जनप्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डालना जरूरी हैं। भारत में लोकतंत्र की जडे़ं बहुत मजबूत हैं। उन्होंने नगर पालिका पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।
निकाय चुनाव को लेकर टिहरी के ही वार्ड नंबर चार के मतदाताओं में खूब उत्साह दिखा। यहां पर वोट डालने के लिए लंबी लाइन लगी हुई थी। इस बीच नई टिहरी घूमने आए ब्रिटेन निवासी हैरी और थारा यह दृश्य देखकर अभिभूत हो गए। उन्होंने लोगों से पूछा कि इतनी लंबी कतार क्यों लगी है, जिसके बाद लोगों ने उन्हें चुनाव के बारे में बताया। हैरी ने बताया कि वह उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों को सैर-सपाटा के लिए आए हैं। मतदान केंद्र के बाहर खड़े मतदाताओं ने जब अपने बीच विदेशी मेहमानों को देखा तो स्थानीय लोगों ने हैरी और थारा के साथ खूब सेल्फी भी ली।