ऋषिकेश बाईपास परियोजना: वन भूमि हस्तांतरण की अड़चन दूर, क्षेत्रीय अधिकार प्राप्त समिति की बैठक में हुआ फैसला
चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश में लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में अहम प्रगति हुई है। करीब एक दशक से अटकी बाईपास परियोजना को अब गति मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय की सहमति के बाद अगले चरण की अनुमति का रास्ता खुल गया है।
विस्तार
ऋषिकेश बाईपास परियोजना के वन भूमि हस्तांतरण की अड़चन दूर हो गई है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की क्षेत्रीय अधिकार प्राप्त समिति (आरईसी) ने लोनिवि के अवनत वन क्षेत्रों में क्षतिपूरक वनीकरण के प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। इसके साथ ही परियोजना को स्टेज-एक की अनुमति मिल गई है। अब स्टेज-दो की प्रक्रिया शुरू होगी।
चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश में यातायात का दबाव कम करने के लिए करीब 13 किलोमीटर बाईपास की योजना बनाई गई है। इसके निर्माण के लिए 47 हेक्टेयर वन भूमि की जरूरत है। परियोजना पर पिछले एक दशक से काम चल रहा है। वन भूमि हस्तांतरण को लेकर मंत्रालय की आरईसी की पिछली बैठक में दोगुनी वन भूमि देने और बाईपास के शुरुआती हिस्से को प्रस्ताव से अलग रखने की बात उठी थी। इससे मामला अटक गया था।
ये भी पढे़ं...रायवाला: पार्किंग को लेकर विवाद, युवक ने की पांच राउंड फायरिंग, गोलियों की आवाज से हरिपुर कला में दहशत
लोनिवि ने रखा अपना पक्ष
लोनिवि का तर्क था कि परियोजना मंत्रालय की है, इसलिए अवनत वन क्षेत्रों में क्षतिपूरक वनीकरण की व्यवस्था का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही, बाईपास के शुरुआती हिस्से की वन भूमि पहले से विभाग के पास उपलब्ध है। ऐसे में उसे प्रस्ताव में शामिल करने की जरूरत नहीं है। विभाग ने इन बिंदुओं पर मंत्रालय को जवाब भेजा था। सोमवार को हुई आरईसी की बैठक में सभी मुद्दों पर सहमति बन गई। एनएच के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि वन भूमि हस्तांतरण की स्टेज-एक की अनुमति मिल गई है। अब स्टेज-दो की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
