बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी: उच्च स्तरीय समिति ने सौंपी 300 से अधिक पेज की जांच रिपोर्ट, दिए ये सुझाव
बदरीनाथ मंदिर में बीते दिनों चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामला सामने आया था। जिसके बाद आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया गया था। तब से मामले की जांच चल रही है। सीएम ने इसकी उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे। अब समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।
विस्तार
बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले में गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति ने साढ़े चार माह बाद जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी दी है। समिति ने 300 से अधिक पेज की रिपोर्ट में कांच की दीवारों में चढ़ावे की गिनती करने व गणना ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के बिना जेब वाले कपड़ों की सिफारिश की है।
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया। समिति में गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, एनएचएम के मिशन निदेशक संदीप तिवारी, वित्त अधिकारी जगत सिंह चौहान शामिल थे। समिति ने रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती से लेकर प्रबंधन, सुरक्षा और बैंक खाते में जमा कराने तक की व्यवस्थाओं को और पारदर्शी बनाने का सुझाव दिया।
समिति ने जांच के दौरान देश के 14 प्रमुख मंदिरों में चढ़ावा गिनती की व्यवस्था का अध्ययन किया। इसमें तिरुपति बालाजी, काशी विश्वनाथ मंदिर, वैष्णो देवी, स्वर्ण मंदिर, अक्षरधाम मंदिर दिल्ली, महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन, जगन्नाथपुरी मंदिर ओडिशा सहित अन्य मंदिरों की व्यवस्था को देखा। इसके साथ ही मंदिर समिति के अधिकारियों व कर्मचारियों के बयान लेने के साथ सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और चढ़ावे की गिनती से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की पड़ताल कर 300 से अधिक पेज की रिपोर्ट तैयार की है।
समिति ने दिए ये सुझाव
उच्च स्तरीय समिति ने जांच रिपोर्ट में कांच की दीवारों में चढ़ावे की गिनती, 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरे लगाने, गिनती में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की पहचान, उनकी ड्यूटी और आने-जाने के समय की भी निगरानी, चढ़ावा गणना ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के बिना जेब वाले कपड़े, कक्ष में प्रवेश व बाहर आते समय सख्त तलाशी करने सुझाव दिया है।
चढ़ावा प्रकरण की जांच पूरी कर समिति ने अपनी रिपोर्ट मुख्य सचिव व पर्यटन सचिव सौंपी है। धामों में दोबारा से इस तरह के प्रकरणों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था के सुझाव दिए हैं। समिति ने जांच के दौरान देश के कई मंदिरों की व्यवस्था व प्रबंधन का अध्ययन किया।
- आनंद स्वरूप, गढ़वाल मंडलायुक्त
