देवभूमि उत्तराखंड के विकास के विभिन्न आयामों को परखने और उन्हें नई दिशा देने के लिए आठ जनवरी को अमर उजाला ‘उत्तराखंड उदय संवाद’ का आयोजन होगा। अमर उजाला के इस कार्यक्रम में न केवल राजनीति जगत की हस्तियां शोभा बढ़ाएंगी बल्कि फिल्म, खेल, साहित्य जगत की जानी मानी हस्तियां भी शिरकत करेंगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग, पोत परिवहन, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी संवाद के मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तराखंड के उत्तराखंड के विकास पर बात करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन हरिद्वार बाईपास स्थित होटल सरोवर पोर्टिको में किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शुरू होकर विभिन्न सत्रों से गुजरता हुआ यह अभिनव आयोजन शाम तक चलेगा। इस दौरान उत्तराखंड को ऑलवेदर रोड जैसी विकासपरक सौगात देने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से जनता को सीधे संवाद करने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा भी शामिल होंगे। संवाद का आयोजन राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा के लिए भी किया जा रहा है। इस नाते कारपोरेट जगत के दिग्गज भी संवाद का हिस्सा बनेंगे। कारपोरेट जगत से पतंजलि विद्यापीठ के सह संस्थापक आचार्य बालकृष्ण, मेक माय ट्रिप के दीपक रावत, एचसीएल टेक्नोलॉजी के पूर्व वाइस चेयरमैन एवं संपर्क फाउंडेशन के सीईओ विनीत नायर, पेसेफिक ग्रुप के सीईओ अभिषेक बंसल, कोमियो मोबाइल्स के सीईओ संजय करोलिना, आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी टेनफेक के प्रेसीडेंट-सीईओ के.सेंथिल नाथन, मदर्स प्राइड स्कूल्स की चेयरपर्सन सुधा गुप्ता सहित कई दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी।
प्रदेश में पर्यटन, सिनेमा और खेल में निवेश की प्रबल संभावनाएं हैं, इस लिहाज से फिल्म जगत से जाने-माने फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप, उनकी जल्द ही रिलीज होने वाली फिल्म की पूरी टीम के अलावा फिल्म अभिनेता जिम्मी शेरगिल, जोया हुसैन समेत कई स्टार्स कार्यक्रम में शामिल होंगे।