बाजार में 500 और 1000 रुपये के नोट बंद होने के बाद 2000 रुपये के नए नोट आ गए हैं। लंबी लाइन में लगकर लोग नोट तो पा रहे हैं लेकिन छोटे नोटों की कमी के चलते ये प्रचलन में नहीं आ पा रहे हैं। अमर उजाला टीम ने शहर में अलग-अलग जगहों पर जाकर कई दुकानों पर 2000 रुपये का नोट चलाने की कोशिश की लेकिन दस में से तीन जगहों पर नोट प्रचलन में नजर नहीं आया।
देखिए, किस तरह दो हजार के नोट का बाजार में हो रहा बुरा हाल
समय : दोपहर 1:30, स्थान पलटन बाजार
बाजार में भारी भीड़ के बीच एक गिफ्ट आइटम की शॉप पर टीम पहुंची। यहां एक टैडी बियर लिया गया, जिसकी कीमत 110 रुपये बताई गई। जब दुकानदार को 2000 रुपये का नोट दिया गया तो उसने हाथ जोड़ लिए। बोला सुबह से जितना छुट्टा था, सब चला गया।
समय : दोपहर 1:35, स्थान पलटन बाजार
पलटन बाजार में एक कॉस्मेटिक की शॉप से लिपिस्टिक मांगी गई। 55 रुपये की लिपिस्टिक के लिए 2000 रुपये का नोट पेश किया गया तो उन्होंने खुले पैसे दे दिए।
समय : दोपहर 1:45, स्थान : बिग बाजार
यहां 40 रुपये की बच्चे को दूध पिलाने की बोतल ली गई। जब कैश काउंटर पर आकर 2000 रुपये का नोट दिया गया तो कैशियर बोला, भाईसाब प्लीज या तो खुला दे दीजिए या फिर अपने कार्ड से पेमेंट कर दीजिए। इतना खुला पैसा उपलब्ध नहीं है।
समय : दोपहर 2:10, स्थान : किराना की दुकान
नेहरू कालोनी में एक किराना की दुकान से एक किलो चीनी मांगी गई। 46 रुपये की बताई गई। जब 2000 रुपये का नोट दिया गया तो उन्होंने भी खुले पैसे मांगे, नहीं तो चीनी वापस मांग ली।