उत्तराखंड: उधारी के पैसों से चल रहे प्रदेश के सौ से अधिक सरकारी अस्पताल, करोड़ों का बजट है अटका
प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन पर आर्थिक तंगी का असर पड़ने लगा है। बजट जारी न होने से अस्पतालों पर उधारी का बोझ बढ़ रहा है। चिकित्सा प्रबंधन समिति से जुड़े अस्पतालों को वित्त वर्ष के नौ महीने बीतने के बाद भी बजट का इंतजार है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
उत्तराखंड के 100 से अधिक सरकारी अस्पताल उधारी के पैसों से चल रहे हैं। स्थिति यह है कि अस्पतालों पर अब तक करोड़ों रुपये की उधारी हो चुकी है। वित्त वर्ष 2026-27 के नौ महीने बाद भी अस्पतालों को पैसा नहीं मिल पाया है। इससे अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर संकट गहराने लगा है।
जानकारी के मुताबिक प्रदेश में चिकित्सा प्रबंधन समिति (सीपीएस) से जुड़े हुए 13 जिला अस्पताल, 22 उपजिला अस्पताल और करीब 70 से अधिक समुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र हैं। समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष बैठक आयोजित कर विभिन्न प्रस्ताव पास किए जाते हैं। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकरियों की ओर से की जाती है। इसके आधार पर स्वास्थ्य महानिदेशालय बजट जारी करता है।
यह बजट हर वर्ष आमतौर पर मार्च-अप्रैल महीने में जारी किया जाता है। लेकिन वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जारी होने वाला करीब 40 करोड़ रुपये का बजट अब तक अटका हुआ है। अलग-अलग अस्पतालों के अधिकारियों से बातचीत में पता चला कि अब वेंडर तगादा करने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक कई ने सेवाएं रोकने की चेतावनी तक दे दी है। अगर ऐसा हुआ तो व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन में संकट पैदा हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक जिला अस्पतालों को हर वर्ष बजट के माध्यम से एक से तीन करोड़ रुपये तक दिए जाते हैं। जबकि उपजिला अस्पतालों और समुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को लाखों रुपये तक दिए जाते हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक के मुताबिक प्रदेश में कुल 81 सीएचसी हैं। इनमें से कुछ सीपीएस में शामिल नहीं हैं।
जिलाधिकारियों से मांगी गई है पास होने वाले प्रस्तावों की सूची
जानकारी के मुताबिक पूर्व में अस्पतालों को पिछले वर्षों के जारी बजट के हिसाब से औसत बजट जारी कर दिया जाता था। लेकिन इस बार शासन ने जिलाधिकारियों से समिति की बैठक में पास होने वाले प्रस्तावों की सूची मांगी है। इस प्रक्रिया पूरी होने और शासन में अधिकारियों के तबादले की वजह से लेटलतीफी की बात सामने आ रही है। उधर इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में कई बार बैठक भी आयोजित की जा चुकी है। इसके बाद भी समाधान नहीं निकल पाया।
सीपीएस के बजट से ये काम होते हैं अस्पतालों में
-चिकित्सा उपकरण
-दवाईया
-जांच की सुविध
-मरीजा सहायता
-सुरक्षा
-सफाई व्यवस्था
-भवन मरम्मत
-पानी की व्यवस्था
-शौचालय
ये भी पढे़ं...रुड़की: पुलिस के सामने बोली नाबालिग-साहब! मां और सौतेले पिता से बचा लो, देह व्यापार को करते हैं मजबूर
सभी जिलों से पास होने वाले प्रस्तावों की जानकारी मांगी गई है। इस बार बजट जारी करने में देरी हुई है। इसके लिए शासन से वार्ता चल रही है। संभवत: व्यस्थाएं बिगड़ने से पूर्व सभी अस्पतालों को बजट जारी किया जाएगा।- डॉ. सुनीता टम्टा, स्वास्थ्य महानिदेशक, उत्तराखंड
