टीम इंडिया के युवा ओपनर पृथ्वी शॉ ने सोमवार को दौड़ना शुरू किया और दूसरे टेस्ट के लिए उन्हें फिट होने की उम्मीद है। शॉ को सिडनी में अभ्यास मैच के दौरान कैच लेते समय एड़ी में चोट लगी थी, जिसके बाद वह पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में शतक जमाने वाले 19 वर्षीय शॉ के बाएं पैर की एड़ी में गंभीर चोट लगी थी। उनके पैर में पट्टी बांधी गई थी। मगर सोमवार को उन्होंने मैदान में दौड़ने का हल्का अभ्यास किया।
हालांकि, पर्थ टेस्ट को लेकर अभी तक की अपडेट यह है कि शॉ का खेलना मुश्किल हैं क्योंकि वह चोट से उबर रहे हैं। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार से पर्थ में सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा।
भारतीय टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि अगर पृथ्वी ऐसे ही रिकवरी करते हैं तो मेलबर्न में खेले जाने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट में उनकी वापसी तय है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच 26 दिसंबर से शुरू होगा। पिछले सप्ताह टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने कहा था, 'पृथ्वी शॉ युवा हैं और ऐसी उम्मीद है कि वह चोट से जल्द ही उबर जाएंगे। हम पर्थ पहुंचने के बाद ही उनके खेलने के बारे में कोई फैसला ले सकेंगे।'
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में खेले जा रहे टेस्ट में पृथ्वी शॉ का केएल राहुल या फिर मुरली विजय के साथ ओपनिंग करना तय था। शॉ की गैरमौजूदगी में राहुल-विजय ने ओपनिंग की, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज ज्यादा प्रभावित नहीं कर सके। राहुल ने जहां पहली व दूसरी पारी में क्रमश: 2 और 44 रन बनाए। वहीं विजय ने 11 और 18 रन की पारी खेली।