आईसीसी महिला वर्ल्ड टी-20 में न्यूजीलैंड से मिली शर्मनाक हार के बाद आयरलैंड की चार महिला खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। आइए जानते हैं ये चार महिला खिलाड़ी कौन हैं?
बता दें कि इन चार महिला खिलाड़ियों में आयरलैंड की क्लेयर शिलिंगटन, सीआरा मेटकाल्फ और जुड़वा बहनों इसाबेल जॉयस और सेसिलिया जॉयस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच हारने के बाद इन चार खिलाड़ियों ने संन्यास का एलान किया।
बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आयरलैंड को 8 विकेट से करारी मात मिली, जिसके बाद टीम के इन चार खिलाड़ियों ने क्रिकेट से संन्यास लेने की ठान ली। इस मैच में आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 79 रन पर ही सिमट गई। जवाब में कीवी टीम 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड की तरफ से सोफी डेविन (51 रन) और लेह कॉस्पेरेक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 3 विकेट झटके।
टीम की कप्तान लारा डेलनी इन खिलाड़ियों का शुक्रिया करते हुए कहा, 'उन्होंने जो भी हमारे लिए किया उसके लिए उन्हें जितना भी धन्यवाद दिया जाय वो कम है। अगले 10-12 महीने टीम का बदलाव करने में जाएंगे क्योंकि हमारे पास कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं है।'
ऑलराउंडर इसाबेल जॉयस ने भारत के खिलाफ साल 1999 में आयरलैंड के लिए वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने अपने करियर में 79 वनडे मैचों में 995 रन बनाए और 66 विकेट लिए। वहीं इसाबेल की टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने 55 मैचों में 33 विकेट लेकर 944 रन बनाए।