Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Sandpaper Gate Scandal: Bancroft Accuses Entire Australian Team, Warner Demands Independent Probe

सैंडपेपरगेट विवाद: बैनक्रॉफ्ट बोले- मुझे बलि का बकरा बनाया, पूरी टीम दोषी; वॉर्नर ने की स्वतंत्र जांच की मांग

Wed, 18 Nov 2026 03:51 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 18 Nov 2026 03:51 PM IST
सार

साल 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक बार फिर हलचल मचा दी है। पूर्व सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी पूरी टीम को थी और उन्हें बलि का बकरा बनाया गया। उस्मान ख्वाजा ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रस्तावित इंडिपेंडेंट फोरम की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं, जबकि डेविड वॉर्नर ने मामले की खुली और स्वतंत्र जांच की मांग की है। 

विज्ञापन
Sandpaper Gate Scandal: Bancroft Accuses Entire Australian Team, Warner Demands Independent Probe
बैनक्रॉफ्ट-ख्वाजा-वॉर्नर - फोटो : ANI/cricket.com.au

विस्तार

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का चर्चित सैंडपेपरगेट विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुए बॉल टैंपरिंग कांड को लेकर अब नए खुलासों और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी पूरी टीम को थी और उन्हें इस मामले में बलि का बकरा बना दिया गया। वहीं, पूर्व उपकप्तान डेविड वॉर्नर ने पूरे मामले की खुली और स्वतंत्र जांच की मांग की है, जबकि उस्मान ख्वाजा ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के प्रस्तावित इंडिपेंडेंट फोरम की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

Sandpaper Gate Scandal: Bancroft Accuses Entire Australian Team, Warner Demands Independent Probe
कैमरन बैनक्रॉफ्ट-स्टीव स्मिथ - फोटो : ICC
बैनक्रॉफ्ट ने तोड़ी चुप्पी
बैनक्रॉफ्ट ने बुधवार को 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' में करीब 4,000 शब्दों के लेख के जरिए आठ साल बाद इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने स्वीकार किया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान उन्होंने पूरी जानकारी नहीं दी थी। साथ ही आरोप लगाया कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना में सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और वह खुद शामिल नहीं थे, बल्कि पूरी टीम को इसकी जानकारी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

Sandpaper Gate Scandal: Bancroft Accuses Entire Australian Team, Warner Demands Independent Probe
कैमरन बैनक्रॉफ्ट - फोटो : ANI
'पूरी टीम को पता था, मुझे बलि का बकरा बनाया गया'
  • बैनक्रॉफ्ट ने अपने लेख में कहा कि केपटाउन टेस्ट के दौरान जब वह सैंडपेपर के साथ कैमरे में पकड़े गए, तब पूरी टीम की बैठक में किसी ने भी यह कहकर अपना बचाव नहीं किया कि उसे इस योजना की जानकारी नहीं थी।
  • उन्होंने विकेटकीपर पीटर हैंड्सकॉम्ब का जिक्र करते हुए दावा किया कि घटना सामने आने के बाद वह ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर आए और उनके पास मौजूद सैंडपेपर को हटाया। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, ऐसा तत्कालीन कोचिंग स्टाफ के निर्देश पर किया गया था।
  • उन्होंने लिखा, 'मेरी राय में, अगर पीटर को इस बारे में पता नहीं होता तो वह ऐसा नहीं कहते। अगर पहले यह बात स्पष्ट नहीं थी, तो अब सब कुछ साफ था। हम सभी जानते थे।'
  • बैनक्रॉफ्ट ने यह भी कहा कि उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान सैंडपेपर के इस्तेमाल की शुरुआत, इसकी अवधि और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी छिपाई थी। उनके अनुसार, पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट से ही गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल शुरू हो गया था।
  • उन्होंने तत्कालीन गेंदबाजी कोच डेविड सेकर और मुख्य कोच डैरेन लेहमैन का भी जिक्र किया। बैनक्रॉफ्ट का आरोप है कि डेविड वॉर्नर ने सैंडपेपर के इस्तेमाल का सुझाव दिया था, जबकि स्टीव स्मिथ ने इस योजना से खुद को अलग रखा था। उन्होंने दावा किया कि तीसरे टेस्ट यानी केपटाउन में भी गेंद से छेड़छाड़ जारी रही और गेंदबाज उनसे बार-बार कहते थे कि वह गेंद को पर्याप्त रूप से नहीं बदल पा रहे हैं।
  • बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी असमान रूप से उनके ऊपर डाल दी गई। उन्होंने कहा, 'आखिरकार मुझे पूरी टीम के लिए बलि का बकरा बना दिया गया।'
विज्ञापन

Sandpaper Gate Scandal: Bancroft Accuses Entire Australian Team, Warner Demands Independent Probe
उस्मान ख्वाजा - फोटो : ANI
ख्वाजा ने इंडिपेंडेंट फोरम पर उठाए सवाल
  • इस विवाद को दोबारा चर्चा में लाने में उस्मान ख्वाजा की किताब 'सब्र' का भी अहम योगदान रहा है। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि केपटाउन में गेंद से छेड़छाड़ की घटना के बारे में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम को जानकारी थी। उन्होंने यह भी कहा कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में भी इसी तरह की गतिविधियां हुई थीं।
  • इन खुलासों के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग और अंतरिम चेयरमैन डेविड बून ने बुधवार को घोषणा की कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे में शामिल खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए एक इंडिपेंडेंट फोरम बनाया जाएगा। इसमें संबंधित लोगों को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। हालांकि, सीए ने स्पष्ट किया कि केपटाउन बॉल टैंपरिंग मामले की औपचारिक जांच दोबारा शुरू नहीं की जाएगी।
  • इस घोषणा के बाद ख्वाजा ने कहा कि काश क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस फोरम की घोषणा डेढ़ सप्ताह पहले की होती। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से एक ऐसी सुरक्षित जगह चाहते थे, जहां सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ बिना किसी दबाव के अपनी बात रख सकें।
  • ख्वाजा ने कहा, 'सच्चाई यह है कि एक सुरक्षित जगह होनी चाहिए, जहां हम बात कर सकें। लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मेरे कुछ सवाल हैं। जनता जानना चाहती है कि वहां क्या हुआ था। जब तक सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अपनी बात नहीं रखते, तब तक पूरी सच्चाई सामने आना मुश्किल है।'
  • उन्होंने फोरम की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर अंत में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ही तय करेगा कि कौन सी जानकारी सार्वजनिक की जानी है, तो इसका उद्देश्य पूरा नहीं होगा। ख्वाजा ने कहा कि वह इस मामले में जिम्मेदारी लेना चाहते थे और उन तीन खिलाड़ियों के लिए भी आवाज उठाना चाहते थे, जिनके साथ उनके अनुसार गलत व्यवहार हुआ।

Sandpaper Gate Scandal: Bancroft Accuses Entire Australian Team, Warner Demands Independent Probe
डेविड वॉर्नर - फोटो : Twitter
वॉर्नर बोले- सजा नहीं, पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी
  • दूसरी ओर, डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इंडिपेंडेंट फोरम के बजाय पूरे मामले की खुली और स्वतंत्र सार्वजनिक जांच की मांग की है। वॉर्नर ने कहा कि केवल खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बयान सुनने से काम नहीं चलेगा, बल्कि यह भी सामने आना चाहिए कि उस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और उसके अधिकारियों के बीच बंद दरवाजों के पीछे क्या हुआ था।
  • उन्होंने कहा, 'क्या हम उस सच्चाई तक पहुंच पाएंगे, जिसे जनता जानना चाहती है? आखिरकार इसका नतीजा क्या होगा? यह बोर्ड पर निर्भर करेगा कि वह क्या जानकारी सार्वजनिक करना चाहता है। मैं एक खुली और स्वतंत्र जांच चाहता था, जिसमें उस समय वहां मौजूद सभी लोग सामने आकर अपनी बात रख सकें।'
  • वॉर्नर ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी को दोबारा सजा दिलाने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा, 'यह सजा के बारे में नहीं है। यह सिर्फ पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के बारे में है। यह ऑस्ट्रेलियाई जनता और प्रशंसकों के बारे में है। हम चाहते हैं कि वहां मौजूद हर व्यक्ति अपनी बात रख सके।'

Sandpaper Gate Scandal: Bancroft Accuses Entire Australian Team, Warner Demands Independent Probe
उस्मान ख्वाजा - फोटो : Reuters
2018 में तीन खिलाड़ियों पर लगा था प्रतिबंध
मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए कैमरे में पकड़ा गया था। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भूचाल आ गया था। तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर को उनकी भूमिका के लिए 12-12 महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा था, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। इस घटना के बाद स्मिथ को कप्तानी और वॉर्नर को उपकप्तानी से भी हटना पड़ा था। अब आठ साल बाद बैनक्रॉफ्ट के नए खुलासों, ख्वाजा के दावों और वॉर्नर की स्वतंत्र जांच की मांग ने इस पुराने विवाद को फिर से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के केंद्र में ला दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed