Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal

बैनक्रॉफ्ट का खुलासा: क्या ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम गेंद से करती थी छेड़छाड़, क्या था तरीका? आठ पॉइंट में जानें

Wed, 18 Nov 2026 06:00 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 18 Nov 2026 06:00 PM IST
सार

कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने 2018 के ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुए बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि गेंद पर सैंडपेपर इस्तेमाल करने की जानकारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और उन्हें ही नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। 

विज्ञापन
Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
कैमरन बैनक्रॉफ्ट - फोटो : ANI

विस्तार

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 के चर्चित बॉल टेंपरिंग विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से सैंडपेपर के जरिए छेड़छाड़ करने की जानकारी केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और उन्हें ही नहीं थी, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को इसकी जानकारी थी। बैनक्रॉफ्ट ने यह भी स्वीकार किया है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती जांच के दौरान उन्होंने पूरी और सच्ची जानकारी नहीं दी थी।
विज्ञापन
Trending Videos

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
4000 शब्दों के लेख में बैनक्रॉफ्ट ने बताई कहानी
करीब 4000 शब्दों के अपने लेख में बैनक्रॉफ्ट ने उस दौरे की घटनाओं का विस्तार से जिक्र किया है। उनका यह लेख पहले 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' में प्रकाशित हुआ और बाद में अन्य मीडिया संस्थानों में भी वितरित किया गया। उन्होंने यह खुलासा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद किया है। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, कमिंस के बयान से उन्हें गुस्सा आया और उन्होंने खुद को धोखा खाया हुआ तथा अकेला महसूस किया। यह विवाद उस समय फिर चर्चा में आया है, जब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में भी इस प्रकरण से जुड़े कुछ नए दावे सामने आए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
कैमरन बैनक्रॉफ्ट - फोटो : ANI
1. बैनक्रॉफ्ट ने क्या बड़ा दावा किया?
बैनक्रॉफ्ट ने अपने लेख में साफ कहा कि गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करने की जानकारी पूरी टीम को थी। उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआती जांच में उन्होंने कई अहम जानकारियां छिपाई थीं। बैनक्रॉफ्ट ने लिखा, 'यह सिर्फ हम तीन लोगों- स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और मुझे ही नहीं पता था कि दक्षिण अफ्रीका में मैंने गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल किया था। पूरी टीम को इसकी जानकारी थी।' उन्होंने आगे लिखा, 'जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान मुझसे पूछताछ की गई, तब मैंने पूरी और सच्ची जानकारी नहीं दी थी।'

बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, उन्होंने कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा नहीं की थीं। इनमें यह भी शामिल था कि गेंद से छेड़छाड़ कब शुरू हुई, कितने समय तक जारी रही और इसमें दूसरे खिलाड़ियों की क्या भूमिका थी तथा उन्हें इसकी कितनी जानकारी थी। उन्होंने कहा, 'मैंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच को सुरक्षित रखने और अपने आसपास के दूसरे लोगों को इसमें शामिल होने से बचाने के लिए ऐसा किया था।'
विज्ञापन

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
बैनक्रॉफ्ट-ख्वाजा-वॉर्नर - फोटो : ANI/cricket.com.au
2. ड्रेसिंग रूम में कैसे बनी गेंद से छेड़छाड़ की योजना?
बैनक्रॉफ्ट ने पोर्ट एलिजाबेथ में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन चाय के ब्रेक के दौरान हुई बातचीत का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, उस समय टीम गेंद को ज्यादा रिवर्स स्विंग कराने के तरीकों पर चर्चा कर रही थी।उन्होंने लिखा, 'सभी कोच और खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में इन चर्चाओं में शामिल थे। इसका मकसद खेल में अपनी स्थिति बेहतर करना था। कुछ खिलाड़ी ज्यादा राय दे रहे थे, लेकिन हम सभी ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट मैच जीतने के एक ही लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे थे।'

बैनक्रॉफ्ट के अनुसार, उनसे पूछा गया था कि क्या वह गेंद के साथ छेड़छाड़ करने का काम कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वह इस स्थिति में असहज महसूस कर रहे थे और जानते थे कि यह गलत है। उन्होंने लिखा, 'मुझसे पूछा गया कि क्या मैं यह काम कर सकता हूं। मुझे असहज महसूस हुआ और मैं खुद को मुश्किल स्थिति में पा रहा था। मुझे पता था कि यह गलत है। मुझे पता था कि सैंडपेपर का इस्तेमाल करना सिर्फ क्रिकेट के नियमों की सीमाओं को आगे बढ़ाना नहीं था। यह धोखाधड़ी थी।'

बैनक्रॉफ्ट ने तत्कालीन गेंदबाजी कोच डेविड सेकर और मुख्य कोच डैरेन लेहमैन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों उस बातचीत के दौरान मौजूद थे। उन्होंने लिखा, 'मुझे याद है कि गेंदबाजी कोच डेविड सेकर उन चर्चाओं में शामिल थे। कोच डैरेन लेहमैन भी वहां मौजूद थे। दूसरे खिलाड़ी भी वहां आते-जाते रहे।' बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, गेंद को हवा में स्विंग कराने की जरूरत को खुले तौर पर स्वीकार किया गया था। गेंद को सामान्य तरीके से चमकाने और लार के इस्तेमाल जैसे तरीकों से टीम को अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे थे। उन्होंने लिखा, 'हम दबाव में थे। इसी माहौल में डेविड वॉर्नर ने गेंद को खुरदरा बनाने के लिए सैंडपेपर इस्तेमाल करने की संभावना उठाई।'

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
वॉर्नर, बैनक्रॉफ्ट और स्मिथ - फोटो : Twitter
3. गेंदबाजों से लगातार लेते थे फीडबैक
बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि गेंद पर सैंडपेपर इस्तेमाल करने के बाद वह लगातार गेंदबाजों से पूछते थे कि गेंद पर्याप्त रिवर्स स्विंग कर रही है या नहीं। उन्होंने पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया। विकेटकीपर टिम पेन से भी वह गेंद की मूवमेंट को लेकर फीडबैक लेते थे। बैनक्रॉफ्ट ने लिखा, 'उस दौरान मैं नियमित रूप से गेंदबाजों से बात करता था कि गेंद किस तरह व्यवहार कर रही है। मुझे ऐसा करना ही था। मुझे याद है कि मैंने सभी तेज गेंदबाजों- पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श से इस बारे में बातचीत की थी कि गेंद पर्याप्त रिवर्स स्विंग कर रही है या नहीं।'

उन्होंने आगे लिखा, 'मैंने टिम पेन से भी बात की थी, जो विकेट के पीछे ऐसी अहम स्थिति में थे, जहां से वह देख सकते थे कि गेंद किस तरह मूव कर रही है। मुझे फीडबैक चाहिए था। अगर मैं गेंद पर जो कर रहा हूं, वह प्रभावी है या नहीं, यह मुझे कैसे पता चलता, अगर मैं उन गेंदबाजों से बात ही नहीं करता जो उस गेंद से गेंदबाजी कर रहे थे और विकेटकीपर से भी नहीं पूछता?'

बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, गेंदबाज उन्हें बताते थे कि गेंद पर किया जा रहा काम पर्याप्त है या नहीं। उन्होंने लिखा, 'सभी गेंदबाज मुझे फीडबैक देते थे कि गेंद पर मेरा काम असर कर रहा है या नहीं। यह मददगार था। क्या अब गेंद रिवर्स स्विंग कर रही है? अभी नहीं कर रही, इसे और करने की जरूरत है। इसलिए मैं गेंद पर और सैंडपेपर इस्तेमाल करता था।' उन्होंने यह भी दावा किया कि एक मौका ऐसा आया जब उन्हें सैंडपेपर का इस्तेमाल रोकने के लिए कहा गया, क्योंकि डर था कि उनकी गतिविधियां बहुत ज्यादा साफ दिखाई देने लगी थीं।

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
वॉर्नर, स्मिथ, ख्वाजा और बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
4. टीम मीटिंग में मिली थी तारीफ, मीडिया मैनेजर ने जताया था विरोध
बैनक्रॉफ्ट ने पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट के तीसरे दिन से पहले हुई टीम मीटिंग का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस बैठक में गेंद से छेड़छाड़ में उनकी भूमिका पर चर्चा हुई थी और खिलाड़ियों तथा कोचिंग स्टाफ के कुछ सदस्यों ने उन्हें प्रोत्साहित भी किया था। उन्होंने लिखा, 'मुझे याद है कि पिछली शाम सैंडपेपर से गेंद से छेड़छाड़ करने की मेरी गतिविधि पर चर्चा हुई थी और समूह के सामने मेरी भूमिका को स्वीकार किया गया था।' उन्होंने आगे कहा, 'जिस तरह पिछली शाम चार विकेट पर 28 रन लेने के बाद जश्न मनाया गया था, उसी तरह मुझे भी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के सदस्यों से तारीफ और प्रोत्साहन मिला था, खासकर डेविड सेकर से।'

हालांकि, बैनक्रॉफ्ट ने इसी बैठक में एक अलग प्रतिक्रिया का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, टीम की मीडिया मैनेजर केट हचिसन ने इस गतिविधि पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने लिखा, 'हमारी मीडिया मैनेजर केट हचिसन ने जो हो रहा था, उस पर अपनी आपत्ति जताई थी। मुझे याद है कि उन्होंने साफ कहा था कि उन्हें यह गलत लगता है, वह इससे कोई लेना-देना नहीं रखना चाहतीं और इसके बाद वह वहां से चली गईं। मैं यह कभी नहीं भूलूंगा। किसी ने इसके खिलाफ आवाज उठाई थी।'

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
5. केपटाउन टेस्ट में क्या हुआ था?
2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान बॉल टेंपरिंग का मामला कैमरे में कैद हुआ था। तीसरे दिन के खेल के दौरान बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की सतह खुरदरी करते हुए देखा गया था। इस घटना के सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। अपने नए लेख में बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि केपटाउन टेस्ट के दौरान भी गेंद को ज्यादा स्विंग कराने के लिए उन पर दबाव था।

उन्होंने लिखा, 'यह दर्ज किया जा चुका है कि फील्डिंग के दौरान एक कोच मेरे पास आया था और उसने मुझसे कहा था कि गेंद को स्विंग कराने के लिए मुझे सैंडपेपर से उस पर और काम करने की जरूरत है। वह कोच डेविड सेकर थे और यह सच है।' बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट की तरह केपटाउन में भी वह स्टार्क, कमिंस, हेजलवुड और मार्श से लगातार फीडबैक ले रहे थे। उन्होंने लिखा, 'एक बार फिर मैदान पर वही बातचीत जारी रही, जो हमने पिछले टेस्ट में की थी। मैं स्टार्सी, पैट, जोश और मिच से पूछ रहा था कि गेंद पर काम करने का तरीका कैसा है। उन सभी ने मुझे बताया कि मैं जो कर रहा था, वह पर्याप्त नहीं था।'

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
गेंद से छेड़छाड़ करते बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
6. गेंदबाजों के बयानों से क्यों परेशान हुए बैनक्रॉफ्ट?
बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि गेंद की मूवमेंट को लेकर गेंदबाजों के साथ हुई बातचीत उन्हें पिछले कई वर्षों से परेशान करती रही है। उनका कहना है कि बाद में जब उन्होंने सार्वजनिक रूप से खिलाड़ियों को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी होने से इनकार करते सुना, तो उनके लिए उन बयानों और अपनी यादों के बीच तालमेल बैठाना मुश्किल हो गया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गेंद के रिवर्स स्विंग होने की जानकारी, उसके साथ छेड़छाड़ होने का संदेह और खास तौर पर सैंडपेपर इस्तेमाल किए जाने की जानकारी होना- तीन अलग-अलग बातें हैं।

उन्होंने लिखा, 'गेंद की मूवमेंट को लेकर गेंदबाजों के साथ हुई बातचीत पिछले कई वर्षों से मुझे बहुत परेशान करती रही है। जब बाद में मैंने सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी होने से इनकार करने वाले सार्वजनिक बयान सुने, तो मुझे अपनी यादों और उन बयानों के बीच तालमेल बैठाने में परेशानी हुई।' उन्होंने आगे लिखा, 'मैं समझता हूं कि गेंद के रिवर्स स्विंग होने की जानकारी होना, यह संदेह होना कि उसके साथ छेड़छाड़ की गई है और खास तौर पर यह जानना कि सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया है- इन तीनों में अंतर है।' बैनक्रॉफ्ट ने अपने लेख में यह भी कहा, 'आठ साल तक मैंने चुपचाप यह सब सहा। मैं अतीत को नहीं बदल सकता। लेकिन अब मैं जो करता हूं, उसे बदल सकता हूं।'

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट - फोटो : Twitter
7. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने क्या फैसला लिया है?
बैनक्रॉफ्ट के लेख के सामने आने से कुछ घंटे पहले ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने 2018 के बॉल टेंपरिंग प्रकरण को लेकर एक फोरम शुरू करने की घोषणा की थी। इसके तहत 2018 की घटनाओं से जुड़ा कोई भी व्यक्ति अपनी जानकारी और घटनाक्रम का पक्ष रख सकेगा।

हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ किया है कि वह पुरानी जांच दोबारा नहीं खोलेगा और इस प्रक्रिया में सामने आने वाले बयानों के आधार पर कोई नई सजा भी नहीं दी जाएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में कहा, 'हम इस बात का सम्मान करते हैं कि कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने अपनी कहानी बताई है और हम उनकी टिप्पणियों पर विचार करने के लिए समय लेंगे। हमें उम्मीद है कि 2018 की घटनाओं के कई पहलू सामने आएंगे। यही वजह है कि हमने व्यक्तियों को अपनी घटनाओं का पक्ष रखने का अवसर देने के लिए यह फोरम बनाया है। हम इसके नियम और कार्यक्षेत्र अंतिम रूप दे रहे हैं और जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू करेंगे।'

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
पैट कमिंस-जस्टिन लैंगर-डेविड वॉर्नर - फोटो : ANI/cricket.com.au
8. पैट कमिंस के पक्ष ने क्या कहा?
बैनक्रॉफ्ट के खुलासे पर पैट कमिंस के एजेंट नील मैक्सवेल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बैनक्रॉफ्ट के बयान में ऐसा कुछ नया नहीं है, जिसका जवाब कमिंस पहले अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं दे चुके हैं। मैक्सवेल ने कहा, 'हालांकि, हमें कैम के लिए और उन सभी चीजों के लिए दुख है, जिनसे उन्हें गुजरना पड़ा है, लेकिन उनके बयान में ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसका जवाब पैट अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं दे चुके हैं।'

Cameron Bancrofts Big Revelation: Claims Entire Australia Team Knew About 2018 Ball-Tampering Scandal
कैमरन बैनक्रॉफ्ट-स्टीव स्मिथ - फोटो : ICC
अब आगे क्या?
2018 का बॉल टेंपरिंग विवाद एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बड़ा सवाल बन गया है। बैनक्रॉफ्ट के ताजा दावों ने ड्रेसिंग रूम में हुई चर्चाओं, कोचिंग स्टाफ की भूमिका और गेंदबाजों की जानकारी को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, ये सभी बैनक्रॉफ्ट के अपने दावे और घटनाओं को लेकर उनकी यादें हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। संस्था का प्रस्तावित फोरम अब इस विवाद से जुड़े अन्य लोगों को भी अपना पक्ष रखने का अवसर देगा। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि 2018 की उस घटना को लेकर आने वाले दिनों में और कौन से तथ्य सामने आते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed