विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने हाल ही में निदाहास टी20 ट्रॉफी के फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ अंतिम गेंद पर छक्का मारकर टीम इंडिया को चैंपियन बनाया था। कार्तिक इसके बाद से सुर्खियों का केंद्र बने हुए हैं। हालांकि, कार्तिक के नाम एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हुआ है, जिसे जानकर कोई भी हैरान हो सकता है।
जी हां, दिनेश कार्तिक ने इंटरनेशनल क्रिकेट में तीन या चार बार नहीं बल्कि 23 बार वापसी की है, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। टीम इंडिया में 'कमबैक किंग' के नाम से दिमाग में सबसे पहला नाम युवराज सिंह का आता है। इससे पहले मोहिंदर अमरनाथ को भी वापसी के लिए जाना जाता था। मगर कार्तिक के आंकड़ों से सभी को हैरानी होना लाजमी है।
विकेटकीपर बल्लेबाज ने इंटरनेशनल लेवल पर टेस्ट क्रिकेट में कुल चार बार वापसी की है। वहीं वन-डे क्रिकेट में उनका आंकड़ा ज्यादा बड़ा है। कार्तिक ने 50 ओवर के प्रारूप में कुल 13 बार वापसी की है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कार्तिक ने 6 बार कमबैक किया।
दिनेश कार्तिक फिलहाल टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने सितंबर 2014 में डेब्यू किया था। वैसे क्रिकेट फैंस को यह अच्छे से याद होगा कि टीम इंडिया ने जो अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था, दिनेश कार्तिक उस टीम का हिस्सा थे। टीम इंडिया के डेब्यू टी20 इंटरनेशनल मैच में कार्तिक ही मैन ऑफ द मैच बने थे।
दिनेश कार्तिक ने अपनी क्रिकेट में काफी बदलाव किया है। उन्होंने इसका श्रेय मुंबई के क्रिकेटर अभिषेक नायर को दिया। कार्तिक ने कहा, 'अभिषेक नायर का प्रभाव मेरे करियर पर पिछले दो से ढाई सालों में काफी रहा। उन्होंने मुझे मैच की तैयारी करने में काफी मदद की। वह वो नदी रहे, जिस पर मैं नांव बनकर रहा।'