आईपीएल सीजन-11 के शुरू होने से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को एक के बाद एक लगातार कई झटके लगे हैं। पहले टीम के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस लिन के चोटिल होने की खबर आई और उसके बाद आंद्रे रसेल और मिचेल स्टार्क को भी इंजरी हो गई।
इसी बीच केकेआर के लिए एक राहत भरी खबर आई है। दरअसल टीम के विस्फोटक बल्लेबाज और चोट से जूझ रहे क्रिस लिन को नेट पर प्रैक्टिस करते वक्त किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। केकेआर के लिए यह एक अच्छा संकेत है।
बता दें कि क्रिस लिन इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में हैं और वह आईपीएल में विपक्षी टीमों के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूट सकते हैं। सूत्रों की मानें तो क्रिस लिन ने ईडन गार्डन के मैदान पर केकेआर के स्पिन गेंदबाज सुनील नरेन के साथ अभ्यास किया।
इस दौरान बल्लेबाजी करते हुए उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। बता दें कि आंद्रे रसेल और मिचेल स्टार्क के घायल हो जाने के बाद क्रिस लिन का फिट रहना बहुत जरूरी है, वरना आईपीएल में केकेआर को बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।
वहीं टीम में स्टार्क की कमी को दक्षिण अफ्रीका में जन्मे इंग्लिश क्रिकेटर टॉम कुरैन पूरी कर सकते हैं। टॉम कुरैन को टीम में स्टार्क की जगह खिलाया जा सकता है। हाल ही में इस खिलाड़ी ने इंस्टाग्राम पर आईपीएल और केकेआर के पेज को फॉलो करना शुरू किया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह इस सीजन में केकेआर के लिए खेलेंगे।