Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   New bombshell 2018 ball tampering scandal details emerge with David Warner as central figure know all details

सैंडपेपरगेट विवाद में नया खुलासा: स्मिथ या बैनक्रॉफ्ट नहीं, इस खिलाड़ी की भूमिका थी अहम? मार्श से बहस का दावा

Tue, 24 Nov 2026 09:39 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Tue, 24 Nov 2026 09:39 AM IST
सार

ऑस्ट्रेलियाई बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर एक ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टर के रिपोर्टर ने डेविड वॉर्नर की भूमिका पर नए खुलासे किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वॉर्नर पर गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाने का आरोप है। विवाद सामने आने के बाद उनकी मिचेल मार्श से तीखी बहस हुई थी। 

विज्ञापन
New bombshell 2018 ball tampering scandal details emerge with David Warner as central figure know all details
स्मिथ और वॉर्नर - फोटो : IANS

विस्तार

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास के सबसे विवादित अध्याय 2018 के बॉल टैंपरिंग कांड को लेकर एक बार फिर सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और कैमरन बैनक्रॉफ्ट के दावों के बाद अब पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर भी इस विवाद के केंद्र में आ गए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने एक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ब्रॉडकास्टर की रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि बॉल टैंपरिंग की योजना में वॉर्नर की अहम भूमिका थी। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विवाद सामने आने के बाद टीम होटल में उनकी ऑलराउंडर मिचेल मार्श से तीखी बहस भी हुई थी।
विज्ञापन
Trending Videos

2018 में क्या हुआ था? 
साल 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका दौरे पर थी। उस समय स्टीव स्मिथ टीम के कप्तान और डेविड वॉर्नर उपकप्तान थे। केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलने की कोशिश करते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर 12 महीने का प्रतिबंध लगाया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया था। स्मिथ और वॉर्नर पर आजीवन नेतृत्व प्रतिबंध भी लगाया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

New bombshell 2018 ball tampering scandal details emerge with David Warner as central figure know all details
उस्मान ख्वाजा की किताब में चौंकाने वाले खुलासे - फोटो : Twitter
ख्वाजा की किताब से फिर सुर्खियों में आया विवाद 
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर उस समय तूल पकड़ा, जब उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी सिर्फ स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट को नहीं थी, बल्कि टीम के कई अन्य खिलाड़ियों को भी इसकी जानकारी थी। ख्वाजा ने टीम से सामूहिक जिम्मेदारी लेने की मांग की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पोर्ट एलिजाबेथ (अब ग्केबेरहा) में खेले गए पिछले टेस्ट में भी गेंद से छेड़छाड़ की गई थी। इसके अलावा 2017-18 की एशेज सीरीज के दौरान भी गेंद की सीम के साथ छेड़छाड़ कर रिवर्स स्विंग हासिल करने की कोशिश की गई थी।
विज्ञापन

New bombshell 2018 ball tampering scandal details emerge with David Warner as central figure know all details
बैनक्रॉफ्ट-ख्वाजा-वॉर्नर - फोटो : ANI/cricket.com.au
बैनक्रॉफ्ट ने भी रखा था अपना पक्ष 
ख्वाजा के दावों के बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी एक लेख लिखकर उस विवाद पर अपना पक्ष रखा था। बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया था कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में टीम के लगभग सभी लोगों को पता था। उन्होंने बताया था कि वह गेंदबाजों से रिवर्स स्विंग हासिल करने को लेकर बातचीत करते थे और सैंडपेपर के इस्तेमाल को टीम के साथियों तथा कोचिंग स्टाफ से प्रोत्साहन मिलता था। उनके मुताबिक, टीम की मीडिया मैनेजर केट हचिसन को छोड़कर लगभग सभी लोग इस तरीके से वाकिफ थे। बैनक्रॉफ्ट के दावों के मुताबिक, गेंद से छेड़छाड़ की योजना के पीछे वॉर्नर का दिमाग था। हालांकि, वॉर्नर पर पहले से ही काफी निगरानी थी और प्रसारण कैमरे लगातार उन पर नजर रख रहे थे। ऐसे में उन्होंने खुद ऐसा करने के बजाय बैनक्रॉफ्ट को यह जिम्मेदारी दी। उस समय बैनक्रॉफ्ट टीम के युवा खिलाड़ियों में शामिल थे।

रिपोर्ट में हुआ नया खुलासा 
अब एक ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टर के रिपोर्टर ने अपनी जांच में दावा किया गया है कि दक्षिण अफ्रीकी टीम को वॉर्नर की अंगुलियों पर इस्तेमाल की गई टेपिंग को लेकर भी शक हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया कि दक्षिण अफ्रीकी टीम को कूड़ेदान में वॉर्नर की अंगुलियों और अंगूठे पर इस्तेमाल की गई स्ट्रैपिंग मिली थी। वहीं, एक अन्य सूत्र ने दावा किया कि मैदान से ग्राउंड स्टाफ को ऐसी स्ट्रैपिंग मिली थी, जिसे बाद में मैच अधिकारियों को सौंप दिया गया। रिपोर्ट में बताया गया, आईसीसी के एक प्रतिनिधि ने वॉर्नर की अंगुलियों पर उस टेप को लगाकर देखने की इच्छा जताई थी कि क्या वह फिट बैठता है। हालांकि, इस अनुरोध को ठुकरा दिया गया। कुछ समय बाद आईसीसी के एक सूत्र ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के एक सीनियर अधिकारी को बताया कि उस स्ट्रैपिंग में सुपर ग्लू और ग्रिट का मिश्रण था। हालांकि, यह सिर्फ संदेह था कि वह किसकी थी और दोनों टीमें एक-दूसरे पर आरोप लगा रही थीं।

New bombshell 2018 ball tampering scandal details emerge with David Warner as central figure know all details
स्टीव स्मिथ - फोटो : ANI
वॉर्नर को लेकर क्या किया दावा?
इस रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि बॉल टैंपरिंग विवाद सामने आने के बाद टीम होटल में वॉर्नर और ऑलराउंडर मिचेल मार्श के बीच तीखी बहस हुई थी। उस समय टीम की बैठक के दौरान कप्तान टिम पेन और टीम मैनेजर गेविन डोवी को वॉर्नर के साथ होटल की बालकनी में देखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वॉर्नर उस समय खुद को जिम्मेदार मानने के लिए तैयार नहीं थे, क्योंकि तब तक इस मामले में उनका नाम सीधे तौर पर सामने नहीं आया था।

एक सूत्र ने उस समय टीम के भीतर के माहौल को बयां करते हुए कहा, बैंक्रॉफ्ट पूरे मामले का दोष अपने ऊपर लेने की कोशिश कर रहे थे। स्टीव स्मिथ अच्छी नीयत से उस जिम्मेदारी को आधा करने की कोशिश कर रहे थे, जबकि वॉर्नर ऐसे व्यवहार कर रहे थे जैसे उन्हें इन सबसे कोई फर्क ही नहीं पड़ता। सूत्र ने बताया, यह कहानी पूरे होटल में फैल चुकी थी। मिचेल मार्श ने डेविड के खिलाफ काफी सख्त रुख अपनाया था। डेविड की नाराजगी के बावजूद उन्हें जिम्मेदारी लेने के लिए आगे आना पड़ा। उनसे कहा गया, 'तुम इस बार इससे बच नहीं सकते दोस्त। हम बैंक्रॉफ्ट को तुम्हारी जगह पूरी जिम्मेदारी लेने नहीं देंगे। वॉर्नर ने इस पर जवाब दिया था, मैं दोष अपने ऊपर लेने के लिए तैयार हूं, लेकिन इसकी पूरी मार मैं अकेले नहीं झेलूंगा।

ऑस्ट्रेलियाई टीम में आई थी दरार!
इस ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टर के रिपोर्टर की पड़ताल में यह भी सामने आया कि केपटाउन के होटल में हुई टीम की बैठक आखिरी मौका था, जब पूरी टीम एक साथ थी। ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में बताया था कि टीम के भीतर सामूहिक जिम्मेदारी लेने के विचार का कुछ खिलाड़ियों ने विरोध किया था। अब व्हाटली की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन खिलाड़ियों में जोश हेजलवुड और नाथन लियोन शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक, गेंदबाज वॉर्नर की कथित हरकतों की जिम्मेदारी अपने ऊपर लेने के पक्ष में नहीं थे। हेजलवुड ने पिछले सप्ताह इस दावे का खंडन किया था, लेकिन जांच में एक अलग कहानी सामने आई है। इसके अनुसार, मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस समेत चारों गेंदबाजों ने होटल के एक कमरे में बैठक कर टीम मैनेजमेंट के सामने अपना रुख साफ कर दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना ने टीम के भीतर ऐसी दरार पैदा कर दी थी, जो लंबे समय तक बनी रही। इस तरह 2018 का बॉल टैंपरिंग विवाद एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे काले दौर की यादें ताजा कर रहा है। हालांकि, इन नए दावों पर संबंधित खिलाड़ियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया और उनकी पुष्टि होना अभी बाकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed