500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद जहां लोगों में नोट बदलवाने की होड़ लगी है, वहीं बैंक पहुंचे एक युवक ने ऐसा काम किया कि सब हैरान रह गए।
मामला हरियाणा के हिसार का है। डोगरान मोहल्ला निवासी सुरेश कक्कड़ ने अपने पुत्र सन्नी कक्कड़ के साथ बैंक में 1 लाख 5 हजार रुपये के छोटे नोट जमा कराकर नोटों की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ मिशाल पेश की।
छोटे नोटों की चल रही किल्लत के चलते सुरेश कक्कड़ स्कवेयर मार्केट स्थित इंडियन बैंक में पहुंचकर 100 वाले और 10 वाले नोटों का बंडल काउंटर पर रखे तो बैंक में मौजूद कर्मचारी और उपस्थित लोग हैरान हो गए।
सुरेश कक्कड़ ने बैंक के मुख्य प्रबंधक शंकर सावंत से मिलकर उन्हें 1 लाख 5 हजार रुपये जमा करने की पेशकश की। इन नोटों में 80 हजार के 100-100 वाले और 25 हजार के 10-10 वाले नोट थे।
प्रबंधक ने नोट जमा करके पिता-पुत्र का आभार जताया। कैटरिंग का काम करने वाले सुरेश कक्कड़ ने बताया कि छोटे नोट जमा करवाकर कुछ लोगों की जरूरत पूरी करने की सोची और बैंक में नोट जमा करवा दिए।