पठानकोट और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बरसात से भारत-पाक सीमा के साथ बहने वाली उज्ज नदी में अचानक बाढ़ आ गई। अचानक जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी बमियाल के रिहायशी इलाकों में घुस गया। इसमें हजारों एकड़ में लगे पशुओं के चारे को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा 50 एकड़ धान की फसल डूब गई और गुज्जरों के पांच डेरे जलमग्न हो गए। हालांकि, त्वरित एक्शन में आए प्रशासन ने सभी प्रभावितों को समय रहते बाहर निकाल लिया।
2 of 6
उज्ज नदी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसडीएम गुरसिमरन सिंह ढिल्लों, एएसपी आदित्य और रेवेन्यू विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि उज्ज नदी में अचानक 1 लाख 30 हजार क्यूसिक पानी पहुंचने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। नहरी विभाग की ओर से भूमि कटाव रोकने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों को काफी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के सभी छोटे-बड़े नालों एवं खड्ड का पानी दोपहर के समय उज्ज में समा गया। जिसके चलते जलस्तर अचानक बढ़ गया।
सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील है उज्ज नदी
3 of 6
डेरे भी हुए जलमग्न।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बता दें कि उज्ज नदी भारत-पाकिस्तान सीमा के पास से बहती है। जिसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से इसे संवेदनशील माना जाता है। बाढ़ का फायदा कोई न उठा पाए, इसलिए पुलिस और बीएसएफ ने नदी के किनारों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। एसडीएम गुरसिमरन सिंह ढिल्लों ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। नदी के किनारों पर डेरे बनाकर बैठे गुज्जरों को जरूरी हिदायतें दी गई हैं। नदी पर बने पुल से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। लोग नदी के किनारों से उचित दूरी बनाए रखें।
4 of 6
डेरों में भरा पानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट-जोगिंदरनगर के बीच 3 ट्रेनें रद्द, चार ज्वालामुखी तक चलेंगी
हिमाचल में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सेक्शन बाधित हो गया है। रेल सेक्शन पर पड़ते कोपरलाहड़-ज्वालामुखी के बीच पहाड़ों से मिट्टी व पत्थर ट्रैक पर आने के बाद फिरोजपुर रेल मंडल ने तीन ट्रेनों को रद्द कर दिया है। जबकि, बाकी ट्रेनों को भी पठानकोट से ज्वालामुखी रेलवे स्टेशन तक ही चलाने को कहा गया है।
5 of 6
उज्ज नदी में बाढ़ के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सुबह 8:45 बजे पठानकोट से जोगिंद्रनगर जाने वाली मेल एक्सप्रेस, सुबह 11:45 बजे पठानकोट से जोगिंद्रनगर जाने वाली पैसेंजर, दोपहर 1:40 बजे पठानकोट से बैजनाथ जाने वाली पैसेंजर को अगले आदेश तक रद्द किया गया है। जबकि, बैजनाथ से रात साढ़े 10 बजे पठानकोट आने वाली पैसेंजर ज्वालामुखी तक ही आएगी। इसके अलावा पठानकोट से सुबह 6:15 बजे बैजनाथ जाने वाली ज्वालामुखी से ही वापस आएगी।