कोरोना महामारी को मात देने के लिए अब मोहाली पुलिस ने कोविड कमांडो का दस्ता तैयार किया है। यह दस्ता पूरी तरह से अति आधुनिक ड्रेस और उपकरणों से लैस है। जो कि जरूरत पड़ने पर कोरोना से संक्रमित जिले के किसी भी एरिया में सिर्फ 30 मिनट में पहुंचकर अपना काम करेगा। इसके पीछे कोशिश यह है कि इस मुश्किल की घड़ी में देश में फैल रही महामारी के दौरान भी पुलिस अपने काम को बढ़िया तरीके से कर पाए।
एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने मंगलवार को सेक्टर-76 स्थित प्रबंधकीय कांप्लेक्स में उक्त दस्ते को मीडिया से रूबरू करवाया। उन्होंने साफ किया है कि पुलिस वाले फ्रंटलाइन पर काम करते हैं, जहां पर रिस्क फैक्टर सबसे अधिक रहता है। जबकि अभी तब यह भी पता नहीं है कि यह जंग कितनी लंबी चलेगी। ऐसे में पुलिस मुलाजिमों की सुरक्षा के लिए यह स्पेशल दस्ता तैयार किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वह इस महामारी पर विजय हासिल करेंगे। इस मौके पर कोरोना के नोडल अफसर एवं डीएसएपी एयरपोर्ट अमरोज सिंह भी मौजूद थे।
इससे पहले यह टीम एक एप भी तैयार कर चुकी है। जिसमें जो लोग कोरोना पीड़ित होंगे या क्वारंटीन पर चल रहे होंगे, उन्हें अपनी जानकारी अपलोड करनी होगी। इससे पुलिस उन पर नजर रखेगी। इसके अलावा आम लोग यदि उक्त एप डाउनलोड करते हैं तो जब वह संक्रमित एरिया में जाएंगे तो उनके मोबाइल पर इस एप के जरिये पहले ही मैसेज आ जाएगा कि वह उस एरिया से गुजर रहे हैं जहां नजदीक की कोई कोरोना पीड़ित क्वारंटीन पर चल रहा है, और वह सावधान हो जाएंगे।
जिले में कहीं भी 30 मिनट में पहुंचेंगे
मिली जानकारी के मुताबिक जैसे कोरोना महामारी को कोविड-19 भी कहा जाता है। इसी तरह पुलिस ने यह दस्ता तैयार किया है। उसमें भी 19 कमांडोज शामिल किए गए हैं। जिन्हें इस मुश्किल हालात में लड़ने की पूरी तरह से ट्रेनिंग दी गई है। यह सारे जवान अपनी इच्छा शक्ति से इस ग्रुप में शामिल हुए हैं, जो कि देश की सेवा करना चाहते हैं। वहीं, 30 मिनट के अंतराल में यह जिले में कहीं भी जाकर मोर्चा संभाल सकते हैं।
इस सामान से लैस हैं यह कमांडोज
कोविड कमांडोज व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के साथ लैस हैं। इसके साथ ही इन्हें उचित तरीके से पहनने, उतारने और निष्पादन के बारे में उचित ट्रेनिंग दी गई है। इतना ही नहीं पुलिस की तरफ से उन्हें गो-बैग प्रदान किया गया है। इसमें कमांडो के लिए पीपीई और फर्स्ट एड समेत अन्य जरूरी चीजें मौजूद रहेंगी। इन कमांडोज को सिंगल पियर ऑफ डिस्पोजेबल बैग तक दिए गए हैं।