एक मई से पेट्रोल व डीजल के दाम रोज बदलने की व्यवस्था से देश में भूचाल आ गया है। इसके कारण लोगों को कई बड़े नुकसान झेलने पड़ेंगें।
केंद्र सरकार व पेट्रोलियम मंत्रालय ने ट्रायल के रूप में एक मई से नई व्यवस्था का लागू करने का फैसला किया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चंडीगढ़, पुडुचेरी, विशाखापट्टनम, उदयपुर और राजकोट को चुना है। नई घोषणा के तहत अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल का जो रेट होगा, उसी रेट पर उपभोक्ताओं को भी पेट्रोल व डीजल की कीमत देनी होगी।
केंद्र की इस नई घोषणा से पेट्रोल पंप मालिकों और शहर के लोगों में असमंजस की स्थिति है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल व डीजल की कीमतें अगर रोजाना बदलेंगी, तो उन्हें इन कीमतों के बारे में कैसे पता चलेगा। वहीं, शहर के पेट्रोल पंप मालिकों का कहना है कि तेल कीमतों में रोजाना बदलाव होने के कारण करोड़ों रुपये का नुकसान होगा।
चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में तेल कीमतों में अंतर होने से उपभोक्ताओं पर असर पड़ेगा। चंडीगढ़ में तेल कीमतें बढ़ेंगी तो उपभोक्ता पंचकूला और मोहाली की ओर रुख करेंगे। ऐसे में शहर के पेट्रोल पंप मालिकों को आने वाले समय में करोड़ों का नुकसान हो सकता है। इंडियन ऑयल के सीनियर डिवीजनल मैनेजर (सीडीएम) सचिन शर्मा ने कहा कि इस फैसले से लोगों को फायदा होगा।
आने वाले समय में पूरे देश में लगभग पेट्रोल व डीजल की कीमतें सामान्य होंगी। सचिन ने कहा कि तेल कीमतों को पेट्रोल मालिकों व डीलरों को ऑनलाइन साफ्टवेयर के माध्यम से अपडेट किया जाएगा। इसके अलावा पंप मालिक व डीलर अपने बैक एंड पर भी रेट अपडेट कर सकेंगे।