एमए व बीएड पास युवती से अढ़ाई साल के प्यार के बाद शादी करने वाले युवक ने अब उसे छोड़ दिया है। युवती की जिद है कि पति को हासिल करके रहूंगी। देखिए, ये रिपोर्ट।
मामला, फतेहाबाद जिले के गांव हांसपुर का है। यहां एक विवाहिता दिल्ली निवासी ज्योति अपने पति के प्यार को दोबारा हासिल करने के लिए ससुरालवालों के घर के गेट पर धरना देकर बैठी है। उसके ससुरालजन अपनाने को तैयार नहीं है। उसके पति का परिवार ताला लगाकर चला गया है।
भूख-प्यास से बेहाल इस युवती का कहना है कि मामला दर्ज कराया तो पति और उनके परिवार की बदनामी होगी। मैं तो बस अपना हक चाहती हूं। जान दे दूंगी लेकिन पति की चौखट से नहीं जाऊंगी। वह न तो कार्रवाई चाहती है और न धरना उठाने को तैयार है। बस, एक जिद है कि उसका पति उसे खुद आकर ले जाए।
ज्योति ने बताया है कि उसकी शादी हांसपुर के साहिल के साथ हुई थी। लेकिन अब ससुराल के लोग उसे दूर कर रहे हैं। वह अपने पति का साथ नहीं छोड़ेगी। उसने अपने धर्म और ईमान के मुताबिक पति के साथ ताउम्र रहने की कसम खाई थी और इसी कसम को निभाने के लिए वह ससुराल में धरने पर बैठी है।
उसने कहा कि उसके ससुराल के लोग व पति घर को ताला लगाकर बाहर हैं। ज्योति ने कहा कि यदि उसके ससुराल के लोग घर आते भी हैं तो वह जबरदस्ती घर में नहीं घुसेगी, बल्कि उनकी अनुमति से ही अंदर प्रवेश करेगी। पति को पाने के लिए वह घर के आगे ही भूख-प्यासी जान दे देगी।