अभी तक पासपोर्ट नहीं बनवाया तो अब बनवा लीजिए। एक नई जगह पर इसका ऑफिस खुल गया है। बस तीन दस्तावेज लेकर आइए और 7 दिन में पासपोर्ट पाइए।
पंजाब के पटियालावासियों की लंबे अर्से से पासपोर्ट केंद्र की मांग आखिरकार पूरी हो ही गई। कैप्टन अमरिंदर सिंह, सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने मिलकर शुक्रवार को लीला भवन चौक स्थित जनरल पोस्ट ऑफिस के पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। यह पंजाब का दूसरा और देश का 59वां पासपोर्ट सेवा केंद्र है। केंद्र शुरू होते ही यहां नया पासपोर्ट बनाने और पुराने को रिन्यू करने की शुरुआत भी हो गई।
पहले फेज में रोजाना 50 पासपोर्ट बनाए जाएंगे, बाद में इनकी संख्या 200 तक बढ़ा दी जाएगी। पासपोर्ट ऑफिस में पहले ही दिन 17 आवेदन पहुंचे। सबसे पहली एप्लिकेशन आनंद नगर निवासी चरणजीत कौर ने दी। चरणजीत कौर ने पासपोर्ट केंद्र खुलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब चंडीगढ़ के चक्कर लगाने से निजात मिल जाएगी। वहीं ऑफिस के इंचार्ज ने कई जानकारियां भी दीं।
उन्होंने बताया कि अब पासपोर्ट बनवाने के लिए कुछ डोक्यूमेंट चाहिएं और ऑनलाइन आवेदन कीजिए। प्रोसेस शुरू होगा, 3 दिन में अप्वाइंटमेंट और 7 दिन में पासपोर्ट हाथ में होगा। तीन डॉक्यूमेंट्स में आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और पैन कार्ड की कॉपी शामिल हैं। इसके अलावा फॉर्मैट एनेक्सचर-1 के साथ एक ऐफिडेविट (नागरिकता की घोषणा, फैमिली डिटेल्स और किसी क्रिमिनल बैकग्राउंड नहीं होना) है।
अब पासपोर्ट जारी होने के बाद पुलिस वेरिफिकेशन होगा। सेवा के लिए कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा। पासपोर्ट केंद्र आधार नंबर की वैधता की जांच अब ऑनलाइन करेगा। वही दूसरी ओर, अब पासपोर्ट बनवाने के लिए बर्थ सर्टिफिकेट की अनिवार्यता खत्म कर दी है। अब आधार कार्ड, पैन कार्ड, मान्यता प्राप्त शैक्षणिक बोर्ड से जारी की गई मार्कशीट, स्कूल की टीसी, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड और एलआईसी पॉलिसी बॉन्ड को भी जन्म प्रमाण पत्र के रूप में जमा किया जा सकता है।