साढ़े 11 हजार फुट की ऊंचाई से गिरने वाले जवान हरदीप सिंह का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर भयानक मौत के निशान देखकर हैरान हैं। रिपोर्ट में एक बड़ा खुलासा हुआ है, जानिए।
दरअसल, पैराजंपर हरदीप ( 26) की मौत की वजह उनके सिर में गहरी चोट लगना बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका उल्लेख किया गया है। उनके शरीर में और भी कई जगह चोटें लगी थी। इसकी वजह उनका 11.5 हजार फुट की ऊंचाई से गिरना है। उनका पैराशूट नहीं खुला था। परिजन उनका शव गुरुवार देर रात पटियाला ले गए।
11वीं पैरा रेजिमेंट के होनहार पैराजंपर हरदीप ( 26) पटियाला के सबाना तहसील के गांव समंडी मलिक के रहने वाले थे। उनके पैराशूट की साइड की डोरियां (रस्सी) उनके एक हाथ में फंसी मिली। माना जा रहा है कि ये रस्सियां खुलने की बजाय आपस में उलझ गईं। इसी कारण से पैराशूट नहीं खुला। यही उनकी मौत की वजह बनी।
हरदीप मलपुरा के पैराड्रोपिंग जोन में पैराजंपिंग कर रहे थे। गुरुवार दोपहर को उन्होंने जहाज एएन-32 से छलांग लगाई थी। हरदीप फ्री फॉल का अभ्यास कर रहे थे। पहले भी कई बार जंप लगा चुके थे। कभी कोई परेशानी नहीं हुई। इस बार वक्त खराब था जो पैराशूट नहीं खुला। हरदीप ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन 11.5 हजार फुट की ऊंचाई से गिरने के कारण सिर में चोट लगी।
फ्लाइंग बर्ड का मिला था तमगा
हरदीप शांत स्वभाव के थे। पैराजंपिंग में बेहद गंभीर थे। इसकी बारीकियों को भी बखूबी समझते थे। वह 20 से अधिक जंप लगा चुके थे। इस कारण उन्हें फ्लाइंग बर्ड का तमगा भी मिल चुका था।