आंधी-तूफान ने ऐसा कहर मचाया कि देखते ही देखते शहर की तस्वीर बदल गई, कहीं पेड़ गिरे दिख तो कहीं घरों की दीवार गिर पड़ी।
तेज आंधी के कारण शहर के मिशन रोड पर एक पेड़ गिर जाने से रास्ता बंद हो गया। यह रास्ता कई स्कूलों की ओर जाता ह। रास्ता बंद होने के कारण लोगों को काफी दिक्कत हुई। पठानकोट के रेलवे रोड पर कई दुकानों के बोर्ड आदि भी टूट गए और सर्कुलर रोड स्थित गोपालधाम गोशाला में कई शेड आंधी के कारण टूट गईं।
132 केवी सबस्टेशन के जेई राम ने बताया कि ओल्ड मिशन रोड पर डीएवी स्कूल के पास, मनवाल, मिशन रोड, सेंट थॉमस स्कूल के पास, सुजानपुर में मेन लाईनों पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गए थे। इससे 13 में से 6 फीडर आपस में टकरा गए और बिजली गुल हो गई। इसके अलावा 132 केवी स्टेशन में भी थोड़ा बहुत नुकसान हुआ है।
लुधियाना के गांव मुंडियां में शुक्रवार देर रात तेज आंधी के कारण छत पर बनी चारदीवारी का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे पड़ोस की छत पर सो रहे परिवार के पांच सदस्य जख्मी हो गए। उनको सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उनकी हालत बेहतर बताई जा रही है।
तेज आंधी के चलते शुक्रवार की रात को शहर के ज्यादातर हिस्सों से लाइट गुल हो गई और शनिवार को दोपहर तक नहीं आई। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। कई जगह पेड़ों के तने तार पर गिर गए। नवांशहर व राहों में कई घंटों तक बिजली सप्लाई बंद रही। बिजली के गुल होने से शहरी क्षेत्रों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही।