दिन में रात जैसा अंधेरा। तस्वीरें ऐसीं जिसने सड़क पर पर चलने वालों तक को आगे दिखने से रोक दिया। आग की लपटों और धूएं के गुबार से आसमान काला हो गया।
अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे स्थित पासपोर्ट ऑफिस के नजदीक एचबीवीएन के गोदाम में रविवार को अचानक धमाके के साथ आग लग गई। तेजी से बढ़ती आग ने एकाएक पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और वहां पड़ा करोड़ों का माल जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों का तो अभी पता नहीं लग पाया है। आग लगने की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रविवार को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के धूलकोट स्थित गोदाम में अचानक आग लग गई। बताया जाता है कि इस दौरान एक धमाका भी हुआ है, जबकि आग इस तेजी से बढ़ी की कि देखते ही देखते अंबाला-चंडीगढ़ हाइवे के आसपास धुएं की परत चढ़ गई। पहले तो बिजली विभाग के ही कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास तो किया, लेकिन आग इस कदर भड़क चुकी थी कि फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। अंबाला कैंट से गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास आरंभ किए, लेकिन हवाएं इतनी तेज थीं कि आग काफी तेजी से भड़की
जिस समय दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची, तो गोदाम में वाहन आदि खड़े थे। इसी कारण से दमकल विभाग की गाड़ियों को आगे जाने का रास्ता नहीं मिल रहा था। इसी दौरान विभाग के कर्मचारियों ने इन वाहनों को बाहर निकाला और दमकल विभाग की गाड़ियों को आगे जाने का रास्ता मिला। तेज हवाओं के चलते दमकल विभाग को भी काफी मशक्त करनी पड़ी। यदि समय रहते आग को आगे बढ़ने से नहीं रोका जाता तो हादसा काफी बढ़ा हो सकता था क्योंकि इस गोदाम के आसपास विभाग के कई गोदाम, निजी शोरूम, रिहायशी घर और दुकानें भी हैं। दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विभाग के जेई ईश्वर दास के अनुसार करीब 30 से 40 ट्रांसफार्मर, एलटी केबल, 11 एचई के केबल के बंडल और पुराने मीटर समेत कबाड़ में तब्दील हो चुकी करीब 10 से 12 गाड़ियां जल गई। ईश्वर दास का कहना है कि आग से कुछ पुराने बिजली के मीटर भी जले हैं, जबकि आधिकारिक तौर पर आकलन कर ही पता लगाया जा सकेगा कि कितना नुकसान हुआ है।