एक जुलाई से जीएसटी के लागू होते ही सस्ती होने के साथ साथ कई चीजें महंगी भी हो गईं, जो आपकी कई ख्वाहिशों की पूर्ति में बाधक बन सकती हैं।
जीएसटी लागू होते ही एक जुलाई से ट्रेन के टिकटों की कीमतें भी बदल जाएगी। ट्रांसपोर्ट को जीएसटी में 5 फीसदी के रेट में रखा गया है। एसी ट्रेन या एसी बसों में यात्रा पर 5 फीसदी टैक्स लगेगा। जीएसटी लागू होने के बाद बिजनेस क्लास के टिकट महंगे होने जा रहे हैं, क्योंकि अभी इन पर 8.40 प्रतिशत टैक्स लग रहा है। जीएसटी में यह बढ़कर 12 प्रतिशत हो जाएगा।
जीएसटी के लागू होने पर सैर सपाटा महंगा होगा। अब टूर एंड ट्रैवल पर 18 फीसदी टैक्स लगेगा, जो अभी 15 फीसदी लगता था। एक जुलाई से रेस्टोरेंट में खाना महंगा हो जाएगा। अभी इसके बिल पर वैट लगाकर 11 फीसदी टैक्स लिया जाता है। 1 जुलाई के बाद नॉन-एसी रेस्टोरेंट में फूड बिल पर 12 फीसदी, शराब लाइसेंस और एसी वाले रेस्टोरेंट में 18 फीसदी और लग्जरी रेस्टोरेंट में 28 फीसदी जीएसटी लगेगा।
शैंपू और परफ्यूम महंगे होंगे। इस पर 28 फीसदी जीएसटी लगेगा, जबकि इस पर अभी 22 फीसदी टैक्स लगता था। जीएसटी लागू होने के बाद मोबाइल बिल महंगा हो जाएगा। सरकार इस पर 18 फीसदी जीएसटी वसूलेगी। अभी तक 15 फीसदी टैक्स लगता था। जीएसटी के बाद दुकान या फ्लैट खरीदने पर 12 फीसदी टैक्स देना होगा, फिलहाल यह करीब 6 फीसदी है।
जीएसटी लागू होने के बाद सोना महंगा हो जाएगा। सोने पर इस समय 1 फीसदी उत्पाद शुल्क और राज्यों द्वारा 1 फीसदी वैट लगाया जाता है। अब इस पर 3 फीसदी टैक्स लगाने का फैसला किया गया है। ट्यूशन फीस और सलून पर भी 18 फीसदी टैक्स देना होगा। अब तक इन पर 15 फीसदी टैक्स ही रहा है। 1,000 रुपये से अधिक की कीमत के कपड़ों की खरीदारी पर 12 फीसदी टैक्स चुकाना होगा।