लेडी प्रिंसिपल को मौत देने वाले स्टूडेंट का पिता जहां मुंह छिपाए दिखा वहीं स्टूडेंट सीना ताने पुलिस वालों के साथ शान से चल रहा था...
यमुनानगर के थापर कॉलोनी स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल की हत्या के मामले में गिरफ्तार छात्र और उसके पिता को पुलिस ने रविवार को अदालत में पेश किया। कोर्ट में लाए जाने के दौरान पिता ने बेटे की करतूत पर मुंह छिपा लिया। वहीं, हत्या के आरोपी बेटे शिवांश के चेहरे पर पश्चाताप और डर का कोई भाव नजर नहीं आ रहा था।
प्रिंसिपल रितू छाबड़ा की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए हत्यारोपी आनंद कॉलोनी निवासी छात्र शिवांश (18) व आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए उसके पिता रणजीत उर्फ संजीव (46) को पुलिस ने रविवार दोपहर कोर्ट में पेश किया। इस दौरान परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों और मीडिया को देख आरोपी छात्र के पिता ने तो अपना मुंह कपड़े से छिपा लिया, लेकिन आरोपी शिवांश सिर उठाकर चलता रहा।
पुलिस ने अदालत के समक्ष आरोपी शिवांश का तीन दिन का पुलिस रिमांड मांगा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी छात्र का दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया। शिवांश के पिता रणजीत उर्फ संजीव पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इसके तहत बचाव पक्ष ने रणजीत की जमानत के लिए अर्जी लगाई थी, लेकिन अदालत ने उसे खारिज कर दिया।
तीन दिन के रिमांड के लिए पुलिस ने ये रखीं दलीलें
पुलिस ने अदालत के समक्ष दलील दी थी कि छात्र ने वारदात से पहले रिवाल्वर से दो कारतूस निकाल कर हमीदा हेड के पास फेंक दिए थे, जिन्हें बरामद करना है। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी किसी के साथ बुलेट गाड़ी पर स्कूल आया था। उसके साथियों के बारे में और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ की जानी है। इसलिए पुलिस को आरोपी का तीन दिन का पुलिस रिमांड दिया जाए।