देश में महिलाओं की सुरक्षा की हकीकत क्या है, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि कुछ लोगों ने एक महिला नेता को नग्न कर पीटा उसके बाल काटे और हाथ-पैर भी तोड़ दिए।
मामला पंजाब के बरनाला का है, जहां कुछ बदमाशों ने अकाली दल की महिला विंग की स्टेट लेवल लीडर की बेरहमी से पिटाई की और उसके बदन से कपड़े उतार डाले। इस पूरे घटनाक्रम का बीते शनिवार को वीडियो वायरल हो गया है।
दरअसल, पीड़िता तपा के डेरा महंत हुकम दास बबली के साथ 30 नवंबर को सोलां वाला मठ में माथा टेकने गई थी। तभी वहां महंत की पत्नी राजविंदर कौर, उसके बेटे सोमनाथ, विजय कुमार और कमलदीप आदि ने उसके बाल काट दिए और उससे बुरी तरह मारपीट की। इस दौरान वह उनसे छोड़ने की गुहार लगाती रही लेकिन आरोपियों ने उसकी टांगे व बाजू तोड़ दीं।
उसके पेट में भी डंडे से वार किया। इस दौरान महिला अर्द्धनग्न हो गई, लेकिन आरोपी नहीं पसीजे और उसकी पिटाई करते रहे। बाद में उसे अधमरा कर वे फरार हो गए। पीड़िता को पहले स्थानीय सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते उसे डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया है।
बीते शनिवार को सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिससे पंजाब पुलिस के महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। वायरल हुए वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपियों के साथ एक महिला भी थी जोकि अकाली नेत्री के पहले तो छाती पर बैठ गई और उसे पीटने लगी और अन्य आरोपी उसके कपड़े उतारने लगे।