एक कंटेनर रेल पटरियों के बीच फंस गया, इतने में सुपरफास्ट ट्रेन आ गई। बस फिर क्या था टक्कर हुई और उसके बाद का नजारा खुद देखिए...
घटना हरियाणा के महेंद्रगढ़ की है, जहां नावां हॉल्ट स्टेशन के पास बने अंडरपास के नजदीक पिलर नंबर 152/8-9 के मध्य वहां से गुजर रहे इलेक्ट्रिक सामान से लदे बड़े कंटेनर के चालक वाहन को अंडरपास के नीचे से गुजारने की बजाय सीधा रेलवे ट्रैक के ऊपर से ले जाने लगा। इसी दौरान यह कंटेनर रेल पटरियों की बीच फंस गया।
इतने में अपने निर्धारित समय अनुसार 12457 दिल्ली-बीकानेर सुपरफास्ट आ गई और ट्रैक पर फंसे कंटेनर से जा टकराई। रेलगाड़ी की टक्कर से कंटेनर के परखच्चे उड़ गए और उसमें आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग को बुझाया। इसके बाद दूसरा इंजन 3 घंटे के बाद ट्रेन को लेकर गया।
इस हादसे में कंटेनर के परखच्चे उड़ गए और उसमें आग लग गई। उसके आगे का हिस्सा इंजन में फंसकर लगभग 300 मीटर तक घसीटता हुआ चला गया। ट्रेन चालक केसरी सिंह ने आपातकालीन ब्रेक लगाया, जिस वजह से यात्रियों को कोई जानमाल माल का नुकसान नहीं हुआ।
हादसे के कारण लोहारू-सतनाली-रेवाड़ी मार्ग पर 8 घंटे रेल यातायात बाधित रहा। 5 ट्रेनें निरस्त की गईं, जबकि 4 के रूट बदलने पड़े। दुर्घटना के बाद दूसरा इंजन मंगवाकर वापस रेवाड़ी ले जाकर रूट बदलकर भिवानी-हिसार-सादुलपुर के रास्ते बीकानेर भेजा गया। उधर, कंटनेर में गीजर, पंखे, मैगी पेपर रखे हुए थे। हादसे से ट्रक में आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया।