पंजाब की म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री को एक नया मुकाम देने वाले पंजाबी एक्टर और मशहूर गायक हरभजन मान का मानना है कि अब गीतों से मिठास खत्म हो गई है। उनका कहना है कि म्यूजिक और गायकी दोनों में रास्ते शार्टकट हो गए हैं।
हर गायक और संगीतकार रातों रात स्टार बनना चाहता है। ऐसे में गाने और संगीत की गुणवत्ता गिरेगी। उन्होंने कहा, बॉलीवुड में 500 से ज्यादा गायक हैं और पॉलीवुड की स्थिति भी कुछ ऐसी ही हो गई है। हरभजन मान ने कहा कि अब सिंगल ट्रैक का फार्मूला एकदम समझ नहीं आता है।
अब हर नया गायक सिंगल ट्रैक के साथ लांच होना चाहता है, न कि फुल एलबम के साथ, क्योंकि सिंगल ट्रैक में कम समय लगता है। मान ने कहा कि सिंगल ट्रैक के दौर में कैसेट और सीडीज का प्रचलन बिल्कुल खत्म हो चुका है। पहले छह या आठ गाने तैयार किए जाते थे और फिर एक सीडी या एलबम बनती थी। अब ऐसा नहीं हो रहा है।
एक सिंगल ट्रैक कुछ समय के लिए प्रसिद्ध होता है और फिर गुम हो जाता है। यदि अच्छा और रिसर्च के साथ तैयार किया गया गीत-संगीत हो तो वह कर्णप्रिय बनेगा। यही बात है जो पुराने और नए गायकों में अंतर पैदा करती है। हरभजन मान बुधवार को अपने नए एलबम सतरंगी पींघ-3 को लांच करने चंडीगढ़ प्रेस क्लब पहुंचे थे। उनके साथ जाने माने गीतकार बब्बू सिंह मान और संगीतकार गुरमीत सिंह भी थे।
हरभजन मान ने कहा कि तकनीक और समय के साथ चलते-चलते कलाकारों को अपने श्रोताओं के साथ जज्बाती सांझ को जीवित रखना भी बहुत जरूरी होता है। मान ने कहा कि आजकल गाने यूट्यूब पर रिलीज किए जाते हैं और उसके व्यूज से अनुमान लगा लिया जाता है कि गाने को लोगों ने कितना पसंद किया।