पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का विवाह भले ही चंडीगढ़ में हुआ लेकिन जश्न उनके पैतृक गांव में भी देखने को मिला। गुरुवार को पूरा गांव जश्न में डूबा नजर आया। इस दौरान जहां महिलाओं ने गिद्दा डालकर अपनी खुशी साझा की, वहीं युवाओं ने एक जगह पर डीजे लगाकर खूब भंगड़ा डाला। गांव में मिठाई भी बांटी और सीएम मान को शादी की बधाई दी।उल्लेखनीय है गांव सतौज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का पैतृक गांव है। इसी गांव की गलियों में उन्होंने अपना बचपन और जवानी का समय बिताया। कॉमेडी किंग से सियासत में आए भगवंत मान के गांव वाले उन्हें बहुत प्यार करते हैं और गांववासियों को अपने इस पुत्तर पर बहुत गर्व है कि वह राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान हैं।
2 of 5
खुशी में लड्डू बांटता ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीएम मान के विवाह की खबर जैसे ही गांववासियों को लगी तो पूरा गांव एकजुट होकर खुशी के पलों में शामिल हो गया। सुबह से ही गांव के ज्यादातर लोग टीवी पर विवाह समागम की पल-पल की खबर देख रहे थे। जैसे ही भगवंत मान और उनकी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के आनंद कारज हुए तो पूरे गांव में जश्न जैसा माहौल बन गया।
3 of 5
भंगड़ा डालते गांव निवासी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
देखते ही देखते ग्रामीण एक स्थान पर जुटे और जश्न मनाया। गांववासियों में खुशी इस कदर झलक रही थी कि वह खुशी से फूले नहीं समा पा रहे हैं। बच्चे, जवान और बुजुर्ग सभी बहुत खुश नजर आ रहे थे। इसके बाद गांव की महिलाओं ने एक जगह इकट्ठा होकर बोलियों पर खूब गिद्दा डाला। इनमें बुजुर्ग महिलाएं, युवतियां और छोटी बच्चियां भी शामिल थीं।
4 of 5
गांव सतौज में गिद्दा डालतीं महिलाएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
युवाओं ने अपनी तरफ से अलग जश्न मनाने का प्रोग्राम बनाया। उन्होंने डीजे बुक करवा रखा था, जिस पर वह खूब थिरके। इसके अलावा कुछ युवाओं ने ढोल पर भंगड़ा डालकर अपनी खुशी का इजहार किया। बातचीत करते गांव के सरपंच चरना सिंह और हरविंदर सिंह रिशी ने बताया कि भगवंत मान के विवाह की खबर मिलने पर ही गांव में खुशी का माहौल बन गया।
5 of 5
भगवंत मान और गुरप्रीत कौर
- फोटो : instagram
गुरुवार को भगवंत मान के आनंद कारज होने के बाद गांव में मिठाई बंटना शुरू हो गई। उन्होंने भगवंत मान को विवाह की बधाई देते हुए कहा कि उनकी जिंदगी की नई शुरुआत खुशियों से भरी रहे। इस दौरान गांववासियों ने गांव से गुजरती बसों में सवार लोगों का भी मुंह मीठा करवाया। इसके अलावा संगरूर शहर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विवाह की खुशी में भंगड़ा डाला और मिठाई बांटकर एक दूसरे से खुशी साझा की।