सीबीएसई 12वीं की ऑल इंडिया सेकेंड टॉपर भव्या की मार्कशीट देखेंगे तो यकीं नहीं कर पाएंगे। वे खुद बता रही हैं कि उन्होंने तैयारी कैसे की कि टॉप कर लिया।
हरियाणा के जींद जिले की भव्या ने सीबीएसई के 12वीं के एग्जाम में 500 में से 498 अंक लेकर ऑल इंडिया में सेकेंड टॉप किया है। भव्या के अंग्रेजी विषय में 98, हिन्दी में 100, हिस्ट्री में 100, पॉलिटिकल साइंस में 100 और इकोनॉमिक्स में 100 नंबर लिए हैं। 10वीं में भी भव्या ने 10 सीजीपीए हासिल किया था।
भव्या एलकेजी क्लास से ही बीआरएसके इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा हैं। पिता विकास भाटिया बुक डीलर्स का कार्य करते हैं। माता रंजू गांव के ही एक निजी स्कूल में इंग्लिश विषय की अध्यापिका हैं। दादी राधा भी मुख्य अध्यापिका के पद से 2013 में सेवानिवृत हुई थीं।
भव्या के परिवार में दादा-दादी, माता-पिता व एक भाई हार्दिक है, जो बीआरएसके स्कूल में ही 12वी कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। हार्दिक बताते हैं कि शिक्षा के साथ साथ वह खेल के क्षेत्र में भी अपना भविष्य आजमा रही है। वह स्कूल की हर एक्टिविटी में अव्वल रहती है।
हार्दिक ने बताया कि भव्या स्कूल से आने के बाद एक घंटा सोती है, फिर उठ कर हल्का-फुल्का नाश्ता करके अपनी पढ़ाई पर जुट जाती है। भव्या हर रोज सुबह 3:00 या 4:00 बजे उठकर भी अपनी पढ़ाई करती है। बीच में कुछ समय वह खुद को ताजा घटनाक्रमों से अपडेट करने के लिए इंटरनेट को भी देती है।