लगातार तीसरी हार के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अब पंजाब के लिए नया प्लान तैयार कर लिया है। देखिए
आखिर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को होश आने लगा है कि उनकी लगातार तीसरी हार सिर्फ EVM से छेडख़ानी के कारण नहीं हुई उसके कुछ और भी कारण थे। अपनी गलती को सुधरने की ओर पहला कदम बढ़ाते हुए केजरीवाल ने दिल्ली इकाई को दोबारा मजबूत करने के लिए अपने कवि नेता कुमार विश्वास को मना लिया है।
पार्टी जानकारों की मानें तो केजरीवाल का अगला निशाना पंजाब है जहां विधानसभा चुनावों में हार के बाद से पार्टी कई टुकडों में बंटी हुई है। पार्टी के भीतर पंजाब इकाई को पुनर्गठित करने के लिए योजनाबंदी तैयार होने लगी है। पार्टी का मानना है कि दिल्ली के बाद पंजाब ही ऐसा राज्य है, जिसने ‘आप’ को गले से लगाया पर पार्टी पंजाबियों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। पार्टी हाईकमान अपनी इस गलती को सुधारने के लिए कई अहम फैसले लेने की ओर बढ़ रहा है।
जानकार बताते हैं कि केजरीवाल ने पंजाब इकाई के नेताओं से अंदरखाते बैठकें की हैं औैर जल्द ही एक अहम बैठक चंडीगढ़ या दिल्ली में होने जा रही है, जिसमें पंजाब प्रभारी व पंजाब कन्वीनर बारे फैसले लिए जा सकते हैं। पार्टी से नाराज चल रहे भगवंत मान बारे ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि उनका कांग्रेस के प्रति मोह बढ़ता जा रहा है।
ऐसे में अरविंद केजरीवाल सहित पार्टी के बड़ी लीडरशिप को डर सता रहा है कि अगर मान ‘आप’ को अलविदा कह देते हैं तो इसका सीधा असर पार्टी की छवि पर पड़ेगा, क्योंकि पहले ही खालसा, गांधी और छोटेपुर जैसे नेताओं ने पार्टी को छोड़कर पार्टी की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े किए हैं।