राजधानी पटना के मनेर क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और ट्रैक्टर बीच सड़क पर पलट गया। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के जमीरगंज बाजार के पास हुई, जहां दुर्घटना के बाद करीब दो घंटे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। हादसे के बाद बाइक सवार युवक को गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर किया गया।
नाबालिग ड्राइवर ने मचाया तांडव, हादसे के बाद फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर पर बालू लादकर एक नाबालिग और अनुभवहीन चालक बिहटा की ओर से दानापुर की ओर तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार को उसने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर खुद भी सड़क पर पलट गया और बालू सड़क पर बिखर गई। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पानी की बोतल लेने गई महिला को जहरीले सांप ने डंसा; मौत के बाद ओझाओं के चक्कर काटते रहे परिजन
2 of 3
बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद सड़क पर पलटा बालू लदा ट्रैक्टर
- फोटो : अमर उजाला
घायल युवक की हालत नाजुक, पीएमसीएच रेफर
हादसे में घायल बाइक सवार की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के मोउद्दीनचक (महददीचक) गांव निवासी बाकेश्वर मिस्त्री के पुत्र मिंटू शर्मा के रूप में हुई है। दुर्घटना में उसके दोनों पैर टूट गए और शरीर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मनेर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को मनेर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।
एनएच-30 पर दो घंटे तक यातायात रहा ठप, लोग बेहाल
इस दुर्घटना के बाद एनएच-30 पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। सड़क के दोनों ओर दानापुर, बिहटा, भोजपुर और पटना की ओर जाने वाली गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। गर्मी और उमस भरे मौसम में घंटों फंसे रहे यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मनेर पड़ाव से लेकर ब्रजनंदन नगर कोठीपर तक लगभग आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।
3 of 3
ट्रैक्टर की टक्कर से घायल बाइक सवार की हालत नाजुक
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासनिक निष्क्रियता पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि राज्य सरकार के नियमों को ताक पर रख नाबालिग और अयोग्य ड्राइवर सड़कों पर बेलगाम वाहन चला रहे हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस और प्रशासन की लापरवाही लगातार देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar: तेजस्वी के दौरे से पहले अस्पताल की सूरत बदलने में जुट गए थे अधिकारी, आम लोगों को कैसी मिल रही सुविधा?
सड़क से ट्रैक्टर हटाने की कोशिश में जुटी पुलिस
मनेर थाना पुलिस ने दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पलटे हुए ट्रैक्टर को हटाने और जाम को खत्म करने के प्रयास शुरू कर दिए। साथ ही फरार चालक की तलाश भी की जा रही है। ट्रैक्टर पर बालू कहां से लोड हुआ था और किसके नाम पर पंजीकृत है, इसकी भी जांच की जा रही है।