मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए वर्ष 2021 का जनवरी माह खुशियों की सौगात लेकर आया है। साल की शुरुआत से आपके भीतर एक अलग ही उत्साह बना रहेगा। कॅरिअर, कारोबार और कार्यक्षेत्र में मन मुताबिक सफलता के योग बनेंगे। पूर्व में किए गये निवेश का लाभ होगा। भूमि—संपत्ति से जुड़े मामलों में फैसला आपके पक्ष में आएगा। इष्ट—मित्रों समेत घर—परिवार का भी पूरा सहयोग मिलेगा। कार्यक्षेत्र में सीनियर्स आपके काम की प्रशंसा करेंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। जीवनसाथी का पूरा सहयोग प्राप्त होगा। परिवार के संग छोटी यात्रा संभव है। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। लव पार्टनर के साथ बेहतर समय बिताने का मौका मिलेगा। माह के मध्य में अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखें। पेट संबंधी बीमारियां उभर सकती हैं। साथ ही वाहन संभलकर चलाएं। छात्रोंं को परिश्रम का पूर्ण फल प्राप्त होगा।
उपाय : भगवान विष्णु की आराधना करें और बृहस्पतिवार के दिन एक पीले कपड़े में चने की दाल, गुड़ और कुछ पैसे रखकर दान करें।
सभी के लिए कैसा रहेगा नया साल, पढ़ें राशिफल 2021:
वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों के लिए साल की शुरुआत में कुछेक अड़चनों के बावजूद आपके कार्य बनेंगे। कार्यक्षेत्र में सीनियर्स का पूरा सहयोग मिलेगा। लोग आपके कार्य का लोहा मानेंगे। परीक्षा—प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को आलस्य छोड़कर जी जान से मेहनत करने पर ही सफलता की प्राप्ति होगी। लाइजनिंग या फिर मार्केटिंग का काम करने वालों के लिए यह माह अत्यंत शुभ साबित होगा। कोर्ट—कचहरी से जुड़े लोगों को भी मनचाही सफलता प्राप्त होगी। माह के अंत में परिवार में किसी बात को लेकर अपनों से अनबन हो सकती है। इस दौरान गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें। साथ ही सेहत का विशेष ख्याल रखें। मौसमी बीमारी की गिरफ्त में आ सकते हैं। यात्रा के दौरान अपनी सेहत और सामान दोनों का विशेष ख्याल रखें और किसी भी कागज को ध्यान से पढ़कर ही साइन करें। प्रेम सबंधों में सोच—समझ कर कदम बढ़ाएं। लव पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी न करें।
उपाय : जीवन में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए गणपति की उपासना करें। 'ॐ गं गणपतये नम:' मंत्र का जाप करें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए साल 2021 में अत्यधिक सतर्क रहते हुए धैर्यपूर्वक चुनौतियों का सामना करने की जररत रहेगी। माह की शुरुआत में कुछेक घरेलू समस्याएं सामने आ सकती हैं। किसी प्रियजन की सेहत को लेकर मन चिंतित रहेगा। कार्यक्षेत्र में कुछेक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा लेकिन सुखद पहलू यह है कि आप मित्रों की मदद से इससे पार पाने में कामयाब हो जाएंगे। इस दौरान अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखें। किसी भी कार्य को कल पर न छोड़ें और न ही भाग्य के भरोसे हाथ पर हाथ रख बैठे रहें। माह के मध्य में किसी शुभचिंतक की मदद से लंबे समय से अटके कार्य के पूर्ण होने से आप राहत की सांस लेंगे। इस दौरान यदि परिवार समस्याओं का समाधान निकालते समय दूसरों की भावनाओं की अनदेखी न करें। किसी महिला मित्र की मदद से प्रेम संबंधों में उपजी गलतफहमियां दूर होंगी। छात्रों को सफलता के लिए कठिन परिश्रम करना पड़ेगा।
उपाय : प्रतिदिन भगवान शिव की विशेष रूप से पूजा करें। 'ॐ नम: शिवाय' मंत्र की कम से कम एक माला जरूर जपें।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के लिए साल का पहला माह खुशियों से भरा साबित होने जा रहा है। लंबे समय से जिस कार्य को लेकर योजना बना रहे थे, इस माह आप उसको आकार देने में कामयाब होंगे। इस दौरान घर और बाहर आपको सभी का सहयोग प्राप्त होगा। सौभाग्य का साथ मिलने से कार्यक्षेत्र सफलता एवं व्यापार में मनचाहा लाभ प्राप्त होगा। कोर्ट—कचहरी से संबंधित मामलों में फैसला आपके पक्ष में आएगा। माह के अंत में छात्रों का मन पढ़ाई से उचट सकता है। समय का प्रबंधन करके चलें और इस बात का ध्यान रखें कि मेहनत करने पर ही सफलता के योग बनेंगे। पूरे माह जीवनसाथी का सहयोग बना रहेगा। माह के अंत में संतान को लेकर मन थोड़ा चिंति रह सकता है। महिलाओं का अधिकांश समय पूजा—पाठ में बीतेगा।
उपाय : सौभाग्य की प्राप्ति के लिए बृहस्पतिवार के दिन भगवान विष्णु की जरूर आराधना करें। पीले कपड़े में चने की दाल, गुड़ और कुछ पैसे रखकर दान करें।
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों के लिए नये साल का पहला महीना नए अवसरों को लेकर आ रहा है। जिसे आप भूलकर भी अपने हाथों से न जानें दें। इस दौरान आप में उत्साह और उर्जा बनी रहेगी। सुनियोजित तरीके से कार्य करने पर आपको सफलता अवश्य मिलेगी। विदेश से संबंधित कार्य करने वालों को अप्रत्याशित लाभ मिल सकता है। लंबी दूरी की यात्रा हो सकती है। यात्रा सुखद एवं लाभदायक होगी। राजनीति से जुड़े लोगों को बड़ा पद और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। नौकरीपेशा लोगों का कार्यक्षेत्र में सम्मान होगा। अधिकारी आपके कार्य से प्रसन्न रहेंगे। माह के मध्य में क्रोध करने से बचें और किसी को कड़वे वचन न कहेें, अन्यथा वर्षों के बने बनाए संबंध टूट सकते हैं। इस दौरान अपने लव पार्टनर की भावनाओं की अनदेखी न करें। पारिवारिक मसलों में भी अपनी बात तार्किक तरीके से आराम से रखें। जीवनसाथी की सेहत का विशेष ख्याल रखें।
उपाय : बुधवार के दिन गणपति की पूजा करें। साथ ही गाय को हरा चारा खिलाएं।