मध्यप्रदेश के एक गांव में लोगों ने लहराया 'अंग्रेजों' का झंडा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिजली कटौती से परेशान लोग छतरपुर जिले में ब्रिटेन का राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़क पर निकल पड़े और कहा कि हम आज भी गुलाम हैं। कुछ घरों पर भी यूनियन जैक लहराया गया। यह विरोध प्रदर्शन भोपाल से 344 किलोमीटर पूर्व में स्थित पारा चौकी में हुआ।
इस तरह के विरोध की खबर पता चलते ही मौके पर पुलिस बल भेजा गया ताकि भीड़ को रोका जा सके और झंडों को कब्जे में लिया जाए। पारा चौकी के निवासी बिजली की समस्या से परेशान थे।
चौकी के निवासियों ने बिजली की समस्या की कई बार शिकायत दर्ज कराई लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी अपनी शिकायत की और मुख्यमंत्री के हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
ब्रिटिश युग था अच्छा
जिसके बाद गांवा वालों ने विरोध प्रदर्शन करने की सोची और फिर वो यूनियन जैक लेकर सड़कों पर उतर पड़े। विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे चतुर सिंह ने कहा कि इससे अच्छा तो ब्रिटिश राज था। कम से कम उस युग में लोगों की शिकायतें सुनी तो जाती थी।
इसी गांव की रुपवती का कहना है कि हमारे गांव में बिजली केवल कुछ ही घंटो के लिए आती है। गर्मी और मच्छर से अपना बचाव करने के लिए हमें हाथ से बने पंखो का उपयोग करना पड़ता है। विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 20 गांव वालों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
छतरपुर के जिलाधिकारी मसूज अख्तर ने कहा कि उन्होंने विद्युत वितरण विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि जल्द से जल्द ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जाए। यूनियन जैक के झण्डे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ये किसी एक व्यक्ति की सोच है अन्यथा गांव वाले इस तरह विरोध प्रदर्शन के बारे में सोच भी नहीं सकते।
