फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Protest Intensifies Against Relocation of Khade Hanuman Temple, Signature Campaign Receives Nationwide Support

उज्जैन: खड़े हनुमान मंदिर का विस्थापन रोकने तेज हुआ विरोध, हस्ताक्षर अभियान को मिला देशभर के लोगों का समर्थन

Sat, 12 Sep 2026 06:01 AM IST
उज्जैन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन Published by: उज्जैन ब्यूरो Updated Sat, 12 Sep 2026 06:01 AM IST
सार

उज्जैन के श्री खड़े हनुमान मंदिर के विस्थापन के विरोध में हस्ताक्षर अभियान को देशभर से श्रद्धालुओं का समर्थन मिल रहा है। हिंदू संगठनों ने मंदिर को यथास्थान रखने की मांग की है। प्रशासन ने AI जनरेटेड फर्जी वीडियो पर कार्रवाई की चेतावनी दी है और प्रतिमा हटाने का जल्दबाजी में निर्णय न लेने की बात कही है।

विज्ञापन
Protest Intensifies Against Relocation of Khade Hanuman Temple, Signature Campaign Receives Nationwide Support
ऐसे चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान

विस्तार

धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित ऐतिहासिक श्री खड़े हनुमान मंदिर के विस्थापन के विरोध में जनआक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। मंदिर को यथास्थान बनाए रखने की मांग को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश के कोने-कोने से आ रहे श्रद्धालुओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। मंदिर परिसर में एक ओर जहां जय श्रीराम के उद्घोष और हनुमान चालीसा के पाठ से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर मंदिर की रक्षा के लिए चल रहे अभियान में भक्त बढ़-चढ़कर अपनी सहमति दर्ज करा रहे हैं।

विज्ञापन


मंदिर के विस्थापन को रोकने के लिए गठित संघर्ष समिति के माध्यम से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई है। हिंदूवादी नेता शिवेंद्र तिवारी ने बताया प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। हमारी बात शासन-प्रशासन तक लिखित और वैधानिक रूप से पहुंचे, इसीलिए यह हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। यहां आने वाले भक्त हस्ताक्षर कर स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि मंदिर का विस्थापन किसी भी कीमत पर नहीं होना चाहिए। प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जमीनी सत्य को स्वीकार करना चाहिए। वहीं, हिंदूवादी नेता मनीष शुक्ला ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के जरिए भक्तों की मंशा शासन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि निरंतर प्रयासों के बावजूद फिलहाल प्रशासन इस पूरे संवेदनशील मामले में मौन धारण किए हुए है।
विज्ञापन


प्रशासन के दावों पर सवाल, नीलगंगा चिमनी का दिया उदाहरण
प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए हिंदूवादी नेता रूपेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रशासन इस मामले में तथ्यों को छिपा रहा है। उन्होंने कहा हमारे सामने मशीनों से मंदिर के हिस्से को क्षतिग्रस्त किया गया। उज्जैन में विकास के नाम पर लगातार प्राचीन मंदिरों को प्रभावित किया जा रहा है। यदि नीलगंगा चौराहे पर सड़क के बीचों-बीच स्थित एक पुरानी चिमनी को बचाकर यातायात निकाला जा सकता है, तो फिर श्री खड़े हनुमान मंदिर को उसी स्थान पर स्थापित रखकर विकास कार्य क्यों नहीं हो सकते? प्रशासन की यह जिद पूरी तरह अनुचित है।
विज्ञापन
विज्ञापन


राजनीतिक बयानबाज़ी और जनआस्था
आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय ने भी श्री खड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और उज्जैन व प्रदेश की समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह हजारों साल पुरानी आस्था का केंद्र है और भक्तों की मंशा के अनुरूप बाबा को यहां से नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में अभी यह पूरा विषय स्पष्ट रूप से नहीं आया है, अन्यथा वे जनभावनाओं के अनुरूप ही निर्णय लेते। शाही मस्जिद मामले पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के निर्णय का स्वागत होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर और मस्जिद की तुलना करना गलत है। छत्री चौक क्षेत्र स्थित निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सिंहस्थ विकास कार्यों के तहत न्यायालय के आदेशानुसार ही कार्रवाई हो रही है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान से लेकर दक्षिण भारत तक से पहुंच रहे श्रद्धालु
श्री खड़े हनुमान जी की महिमा और मंदिर से जुड़ी खबरों को देखकर अब देशभर से श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, कर्नाटक और गुजरात सहित कई राज्यों से आए भक्त मंदिर परिसर में दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। राजगढ़ से दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु रामचंद्र राठौर ने बताया कि सोशल मीडिया पर मंदिर से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद वे समाज के लोगों के साथ यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर को यथावत बनाए रखने के लिए उन्होंने भी हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर अपनी सहमति दी है। फिलहाल, मंदिर परिसर में लगातार बढ़ते श्रद्धालुओं के हुजूम और तेज होते हस्ताक्षर अभियान ने स्पष्ट कर दिया है कि भक्त अपने आराध्य के स्थान को लेकर किसी भी प्रकार के समझौते के मूड में नहीं हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस व्यापक जनआक्रोश और जनभावनाओं पर क्या रुख अपनाता है।

एसडीएम बोले- भ्रामक खबरें और AI जनरेटेड वीडियो फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें, फर्जी रील और AI जनरेटेड वीडियो वायरल कर धार्मिक माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। हाल ही में हनुमान जी की प्रतिमा को क्रेन से हटाने, सब्बल से शिफ्ट करने और खुदाई किए जाने के दावे वाले वीडियो वायरल हुए थे। प्रशासन ने इन्हें पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। एसडीएम एलएन गर्ग ने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं और धार्मिक आस्था का सम्मान प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रतिमा को हटाने या विस्थापित करने का कोई निर्णय जल्दबाजी में नहीं लिया जाएगा। पुजारी, स्थानीय हिंदूवादी संगठनों और भक्तों को विश्वास में लेकर वैज्ञानिक परीक्षण और विशेषज्ञों की राय के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुजारी पर किसी तरह का प्रशासनिक दबाव नहीं है।

फर्जी वीडियो बनाने वालों पर नजर
एसडीएम ने बताया कि AI जनरेटेड वीडियो और भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने वालों को पुलिस और साइबर सेल चिन्हित कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी खबर या वीडियो की पुष्टि किए बिना उसे शेयर न करें।


विहिप और बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद (मालवा प्रांत) और बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन देकर हनुमान जी की प्रतिमा को मौजूदा स्थान पर ही रखने की मांग की। एसडीएम गर्ग ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
 

 

 

ऐसे चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान

श्री खड़े हनुमान

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed