{"_id":"67381c40a02e4481880efb98","slug":"kshipra-2-who-came-to-take-bath-are-in-critical-condition-tire-of-familys-car-returning-to-rajasthan-burst-1-dead-ujjain-news-c-1-1-noi1228-2321724-2024-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ujjain News: क्षिप्रा स्नान कर लौट रहे राजस्थान के परिवार की कार का टायर फटा, एक की मौत, दो की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ujjain News: क्षिप्रा स्नान कर लौट रहे राजस्थान के परिवार की कार का टायर फटा, एक की मौत, दो की हालत गंभीर
Sat, 16 Nov 2024 10:48 AM IST
उज्जैन ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: उज्जैन ब्यूरो
Updated Sat, 16 Nov 2024 10:48 AM IST
सार
परिवार के सदस्यों ने बताया कि चालक कार को काफी तेज गति से चला रहा था, जिसके कारण टायर फटने पर हादसा हो गया। आज मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन
सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उज्जैन में क्षिप्रा स्नान करने आया एक परिवार शुक्रवार रात वापस राजस्थान लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में कार का टायर फट गया, जिससे गाड़ी 2 से 3 बार पलटी खा गई। हादसे में परिवार की 2 महिलाएं और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में लगाया गया, जहां एक महिला की मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के कचनारा से परिवार के 7 सदस्य एक इको कार में सवार होकर बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर क्षिप्रा स्नान करने आए थे। परिवार ने स्नान के बाद देव दर्शन भी किए और रात में वापस राजस्थान लौट रहे थे। राघवी थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा खजूरिया के पास 8 लेन मार्ग पर गरोठ-धनोड़िया पुलिया से गुजरते समय अचानक कार का टायर फट गया। चालक ने रफ्तार पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार 2 से 3 बार पलटी खा गई।
विज्ञापन
मार्ग से गुजरने वाले लोगों ने घटना देखी और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कुछ लोगों की मदद से कार में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। चालक भैरूलाल समेत परिवार की 2 महिलाएं श्यामकुंवर पति श्यामसिंह (40) और कालीबाई गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। तीनों को तत्काल उज्जैन के चरक भवन लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद श्यामकुंवर को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
कार में सवार अन्य सदस्य कार में सवार अन्य सदस्यों श्यामसिंह, कुलदीप सिंह, भूपेंद्र, प्रतीकराज, गेंदाकुंवर, विमलबाई और दीयाकुंवर को मामूली चोटें आईं। उन्हें दूसरे वाहन से अस्पताल लाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। कालीबाई और चालक भैरूलाल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजन दोनों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए हैं।
शनिवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी ने मृतका श्यामकुंवर का पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने बताया कि चालक कार को काफी तेज गति से चला रहा था, जिसके कारण टायर फटने पर हादसा हुआ। अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले की जांच राघवी थाना पुलिस को सौंप दी है। मृतका का शव अंतिम संस्कार के लिए राजस्थान ले जाया गया है।
