मध्यप्रदेश: 28 विधायकों ने ली मंत्रीपद की शपथ, दिग्विजय के बेटे भी बने मंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 28 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। मंत्रियों में दो महिलाएं, एक मुस्लिम एवं एक निर्दलीय शामिल हैं। प्रदेश में पिछले 15 साल बाद मुस्लिम समुदाय को आरिफ अकील के रूप में मंत्रिमंडल में जगह मिली है। जिन दो महिला विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, वे विजयलक्ष्मी साधौ (महेश्वर विधानसभा सीट) एवं इमरती देवी (डबरा विधानसभा सीट) हैं।
वहीं, कमलनाथ ने वारासिवनी के निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल को भी अपने मंत्रिमंडल में जगह दी है। कांग्रेस का टिकट न मिलने पर उन्होंने बागी बन कर चुनाव लड़ा था। जायसवाल को छोड़कर मंत्रिमंडल में शामिल सभी विधायक कांग्रेसी हैं। सभी विधायकों ने हिंदी में पद और गोपनीयता की शपथ ली और सभी कैबिनेट मंत्री हैं।
मंत्री बने जयवर्धन सिंह कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे हैं और वह मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए राघौगढ़ सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं।
बता दें कि कमलनाथ ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 6 दिन बाद 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ अकेले ली थी।
मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए 28 नवंबर को मतदान हुआ था और 11 दिसंबर को आए चुनाव परिणाम में प्रदेश की कुल 230 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 114 सीटें मिली हैं। उसने बसपा के दो, सपा के एक और चार अन्य निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई है। उसे फिलहाल कुल 121 विधायकों का समर्थन हासिल है।
वहीं, भाजपा को 109 सीटें मिली हैं। मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
ये मंत्री हुए कमलनाथ की कैबिनेट में शामिल
| 1 | विजय लक्ष्मी साधौ |
| 2 | सज्जन सिंह वर्मा |
| 3 | हुकुम सिंह कराड़ा |
| 4 | गोविंद सिंह |
| 5 | बाला बच्चन |
| 6 | आरिफ अकील |
| 7 | बृजेंद्र सिंह राठौर |
| 8 | प्रदीप जायसवाल (निर्दलीय) |
| 9 | लाखन सिंह यादव |
| 10 | तुलसी सिलावट |
| 11 | गोविंद सिंह राजपूत |
| 12 | इमरती देवी |
| 13 | ओमकार सिंह मरकाम |
| 14 | डॉ. प्रभुराम चौधरी |
| 15 | प्रियव्रत सिंह |
| 16 | सुखदेव पानसे |
| 17 | उमंग सिंघार |
| 18 | हर्ष यादव |
| 19 | जयवर्धन सिंह |
| 20 | जीतू पटवारी |
| 21 | कमलेश्वर पटेल |
| 22 | लखन घनघोरिया |
| 23 | महेंद्र सिंह सिसोदिया |
| 24 | पीसी शर्मा |
| 25 | प्रद्युम्न सिंह तोमर |
| 26 | सचिन सुभाष यादव |
| 27 | सुरेंद्र सिंह बघेल |
| 28 | तरुण भनौत |
कौन हैं निर्दलीय प्रदीप जायसवाल
व्यवसाय- सिविल इंजीनियर, कांट्रेक्टर
जायसवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले संजय मसानी को हराया है। वर्ष 1998, 2003 और 2008 में विधायक रह चुके जायसवाल 2013 में हार गए थे। संजय के कारण आखिरी दिन प्रदीप का टिकट काटा गया था। मंत्री पद के भरोसे पर ही कांग्रेस को समर्थन दिया है।
7 जनवरी से मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र
मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र 7 जनवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें सभी विधायकों को प्रोटेम स्पीकर शपथ दिलाएंगे, जो कि सदन का वरिष्ठ नेता होता है। इस पद के लिए अभी भाजपा से गोपाल भार्गव और कांग्रेस से डॉ. गोविंद सिंह का नाम आगे है।
इधर, सामान्य प्रशासन विभाग ने नए मंत्रियों के लिए 30 वाहन तैयार किए हैं, जिन्हें उन्हें शपथ लेने के बाद उपलब्ध करा दिया जाएंगे। यह सत्र 11 जनवरी तक चलेगा। सरकार 10 संसदीय सचिव बना सकती है। इन्हें कैबिनेट या राज्यमंत्री का दर्जा होगा। इस बारे में मुख्यमंत्री ने विवेक तन्खा से चर्चा की।
