{"_id":"6a9b8ec306c52c28d806fa52","slug":"blind-murder-case-solved-within-24-hours-two-accused-including-the-husband-arrested-accused-of-murdering-wife-and-staging-it-as-suicide-had-plotted-the-murder-over-the-phone-with-a-second-wife-singrauli-news-c-1-1-noi1509-4689936-2026-09-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिंगरौली: हत्या को आत्महत्या बताने की कोशिश बेनकाब, दूसरी पत्नी के साथ मिलकर की साजिश, पोस्टमार्टम से खुला राज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिंगरौली: हत्या को आत्महत्या बताने की कोशिश बेनकाब, दूसरी पत्नी के साथ मिलकर की साजिश, पोस्टमार्टम से खुला राज
Sat, 05 Sep 2026 11:28 AM IST
सिंगरौली ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिंगरौली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिंगरौली
Published by: सिंगरौली ब्यूरो
Updated Sat, 05 Sep 2026 11:28 AM IST
सार
सासन चौकी पुलिस ने महिला की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए पति और सास को हिरासत में लिया है। आरोपी पति ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे आत्महत्या दिखाने के लिए मां के साथ फांसी पर लटकाने की योजना बनाई थी।
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सासन चौकी पुलिस ने महिला की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके पति और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मामले का खुलासा किया।
विज्ञापन
पति ने दी थी आत्महत्या की सूचना
पुलिस के अनुसार 2 सितंबर को ग्राम बसौड़ा निवासी अंगद प्रसाद कुशवाहा ने सासन चौकी में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लीलावती कुशवाहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने लीलावती की मौत गला घोंटने के कारण होना बताया। इसके बाद पुलिस को घटना पर संदेह हुआ। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने भी उसके पति अंगद प्रसाद पर गला दबाकर हत्या करने और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई।
विज्ञापन
पूछताछ में सामने आई साजिश
मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अंगद प्रसाद कुशवाहा के खिलाफ थाना बैढ़न में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि अंगद प्रसाद ने अपनी दूसरी पत्नी संगीता शाह के साथ फोन पर लीलावती की हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि 2 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे योजना के तहत अंगद ने लीलावती की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए अंगद ने अपनी मां बांसमती कुशवाहा के साथ मिलकर शव को पुराने घर में ले जाकर फांसी पर लटकाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार जब यह प्रयास सफल नहीं हुआ तो शव को जमीन पर लिटा दिया गया और बाद में शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: इंदौर: पेड़ की छांव में लगती है खाकी वर्दी वाले की पाठशाला, गरीब बच्चों को मुफ्त पढ़ा रहे हैं कॉन्स्टेबल संजय
पति और सास गिरफ्तार
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंगद प्रसाद कुशवाहा और उसकी मां बांसमती कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है। वहीं पुलिस दूसरी पत्नी संगीता शाह की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक विनय शुक्ला और चौकी प्रभारी सासन उपनिरीक्षक बी.एल. बंसल के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
