{"_id":"6b0ac73aa09d7bc52f041e6d","slug":"sidhi-woman-jumps-from-son-river-bridge-leaves-5-month-old-baby-behind-condition-critical-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीधी: पांच महीने के मासूम को ऊपर छोड़कर सोन नदी पुल से महिला ने लगाई छलांग, पत्थरों पर गिरने से हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीधी: पांच महीने के मासूम को ऊपर छोड़कर सोन नदी पुल से महिला ने लगाई छलांग, पत्थरों पर गिरने से हालत गंभीर
Sat, 28 Nov 2026 05:51 PM IST
सीधी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीधी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीधी
Published by: सीधी ब्यूरो
Updated Sat, 28 Nov 2026 05:51 PM IST
सार
जोगदह घाट पर एक महिला ने सोन नदी पुल से करीब 60 से 70 फीट नीचे छलांग लगा दी। महिला गंभीर हालत में मिली, जबकि उसका 5 माह का बच्चा पुल पर रोता हुआ मिला। राहगीरों ने बच्चे को सुरक्षित पुलिस के हवाले किया है।
विज्ञापन
पांच माह के मासूम को छोड़कर पुल से कूदी महिला
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगदह घाट स्थित सोन नदी पुल पर शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने पुल के ऊपर से करीब 60 से 70 फीट नीचे छलांग लगा दी। महिला सीधे नदी के किनारे मौजूद पत्थरों पर जा गिरी, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला अपने महज 5 माह के मासूम बच्चे को पुल के ऊपर ही छोड़ गई थी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। महिला पीले रंग का सलवार-सूट पहने हुए थी। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले अपने बच्चे को पुल के ऊपर छोड़ दिया और फिर वहां से नीचे छलांग लगा दी। कुछ देर बाद राहगीरों की नजर सड़क पर रोते हुए बच्चे पर पड़ी। इसके बाद लोगों ने रुककर बच्चे को सुरक्षित गोद में उठाया। जब उन्होंने पुल के नीचे की ओर देखा तो नदी किनारे पत्थरों के ऊपर एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी दिखाई दी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: शहडोल: कुएं से पानी निकालते वक्त फिसला पैर, दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस को सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। राहगीरों की मदद से मासूम बच्चे को सुरक्षित पुलिस के सुपुर्द किया गया।
राहगीर मनीष सिंह चौहान ने बताया कि वे अन्य लोगों के साथ वहां से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर बच्चा रोता हुआ दिखाई दिया। बच्चे को गोद में उठाकर सुरक्षित किया गया। इसके बाद पुल के नीचे देखने पर महिला पत्थरों के ऊपर पड़ी दिखाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल महिला की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है।

