इंदौर: 200 रुपये चोरी की शंका में मां ने बेटी के पैर जलाए, नानी की शिकायत पर केस दर्ज
इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में 200 रुपये चोरी होने के शक में एक मां ने सात साल की बेटी को बेरहमी से पीटा और उसके पैर जलते चूल्हे पर रख दिए। इस अमानवीय घटना में बच्ची के पैर बुरी तरह झुलस गए। नानी ने थाने पहुंचकर अपनी ही बेटी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
विस्तार
इंदौर में मां ने अपनी ही बेटी को 200 रुपये चुराने की शंका में डंडों से पीटा और पैर जलते हुए चूल्हे पर रख दिए। इससे बच्ची के पैर झुलस गए। गुस्से के कारण मां को अपनी ही बच्ची की चिंता नहीं हुई। जब मामला पुलिस तक पहुंचा तो नानी की शिकायत पर पुलिस ने मां पर केस दर्ज किया है।
यह घटना बाणगंगा इलाके में हुई। मां को घर में रखे 200 रुपये नहीं मिले तो उसने सात साल की बेटी से उसके बारे में पूछा। बेटी ने पैसे के बारे में संतोषजनक उत्तर नहीं दिया तो मां ने पहले उसे डंडों से पीटा और उस पर रुपये चुराने का आरोप लगाया।
इसके बाद गुस्से में मां ने कहा कि यदि रुपये के बारे में नहीं बताया तो तेरे पैर जला दूंगी। इसके बाद मां ने चूल्हा जलाया और बच्ची के पैर उस पर रख दिए। दर्द के कारण जब बच्ची रोने लगी तो मां ने चूल्हा बंद किया। तब तक बच्ची के पैर में फफोले हो गए थे।
इस घटना के बाद बच्ची रोते हुए अपने बड़े भाई के साथ नानी सावित्री बाई के यहां पहुंची। नानी को बच्ची ने बताया कि मां ने मारपीट की और पैर जला दिए। नानी बच्ची को लेकर बाणगंगा थाने पहुंचीं और अपनी बेटी के खिलाफ केस दर्ज कराया। सावित्री बाई ने बताया कि 200 रुपये चुराने की शंका में मारपीट की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि जब बेटी से नातिन को पीटने के बारे में पूछा तो वह नाराज हो गई और मुझे ही धमकियां देने लगी, कहा कि पारिवारिक मामलों में उसे बोलने का अधिकार नहीं है। इसके बाद पीड़िता की मां नानी के घर आई और उसे ले गई। नाना रामसेवक ने बताया कि 200 रुपये बड़े बेटे ने चुराए थे, लेकिन बचने के लिए छोटी बहन पर आरोप लगा दिया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मां को बयान के लिए बुलाया।

