{"_id":"64fca1e1ffc5893162029343","slug":"shivpuri-before-assembly-elections-police-caught-drugs-worth-rs-1-5-crore-preparations-to-deport-miscreants-2023-09-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shivpuri: विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस ने डेढ़ करोड़ के नशीले पदार्थ पकड़े, बदमाशों को जिलाबदर करने की तैयारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shivpuri: विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस ने डेढ़ करोड़ के नशीले पदार्थ पकड़े, बदमाशों को जिलाबदर करने की तैयारी
Sat, 09 Sep 2023 10:18 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी
Published by: अरविंद कुमार
Updated Sat, 09 Sep 2023 10:18 PM IST
सार
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस एक्टिव मोड में नजर आ रही है। पुलिस ने डेढ़ करोड़ से अधिक के नशीले पदार्थ पकड़े हैं। एक सैकड़ा से अधिक पर जिलाबदर की तैयारी चल रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिए एक्टिव मोड में है। शिवपुरी में पुलिस ने व्यवस्था में कसावट लाने के लिए बॉर्डर चेकिंग के साथ-साथ अपराधियों पर नकेल कसना, अवैध नशा कारोबारियों पर कार्रवाई करना, बूथ भ्रमण करना, संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित करने के अलावा चुनाव प्रभावित करने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की है।
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस ने बदमाशों में नकेल डालने का काम शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए जिले की सीमा पर पांच स्थानों पर बॉर्डर चेकिंग लगाई गई है। साथी इसके अलावा नशे का कारोबार करने वालों पर पूरी तरह से नकेल कसने का प्रयास कर कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों पर जिलाबदर और एनएसए की कार्रवाई संस्थित की जा रही है, जिससे वह चुनाव में किसी भी तरह का व्यवधान पैदा न कर सकें।
विज्ञापन
हजारों लीटर पकड़ी अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थ
पुलिस ने जिले भर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में से 75,003 लीटर अवैध शराब कीमत आठ लाख रुपये, गांजा 342 किलो कीमत 25 लाख, स्मैक 475 ग्राम से अधिक कीमती 62 लाख, डोडा चूरा 24.900 क्विंटल कीमत 38 लाख, एमडी कीमती 17 लाख, अफीम छह किलो कीमती 11 लाख रुपये सहित लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा के अवैध नशीले पदार्थ पकड़ने के बाद आगे की कार्रवाई संस्थित की है।
विज्ञापन
अपराधियों पर कसी नकेल
पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में से आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े 25 हजार लोगों के वाउंड ओवर भरवाए हैं, जिनमें से सात लोगों को उल्लंघन करने पर जेल भी भेजा गया है, जबकि 122 पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 110 की कार्रवाई 768 लोगों पर, 151 की कार्रवाई 1380 लोगों पर संस्थित की गई है। बात अगर स्थाई वारंटियों की करें तो 1625 वारंट में से 592 तामील कराई गई है, जबकि अरेस्ट वारंट 4300 में से 4208 तामील हुए हैं, जो की अपने आप में एक अच्छा आंकड़ा माना जा सकता है।
एक सैकड़ा से अधिक पर जिलाबदर की तैयारी
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में से एक सैकड़ा से अधिक बदमाशों को जिलाबदर करने की तैयारी हो चुकी है। अभी तक 16 आपराधिक पृष्ठभूमि के बदमाशों को जिलाबदर करने के आदेश जारी हो चुके हैं। जबकि 85 से अधिक मामलों की फाइल तैयार रखी हुई है, जिन पर आने वाले कल में किसी भी समय जिलाबदर की मोहर लगा सकती है। बात अगर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम की करें तो इसमें जिले से 25 आपराधिक पृष्ठभूमि के बदमाशों को शामिल किया गया है, जिनमें से पांच बदमाश जेल पहुंच चुके हैं। जबकि 20 बदमाशों की फाइल पर किसी भी समय आदेश जारी हो सकते हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों पर नजर
विधानसभा चुनावों में बाहर के क्षेत्र से आने वाले बदमाश किसी भी सूरत में चुनाव को प्रभावित न कर सकें, इस बात को ध्यान में रखकर उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश बॉर्डर को जोड़ने वाले सिकंदरा बैरियर के समीप दिनारा पुलिस को तैनात कर चेकिंग लगाई गई है। जबकि राजस्थान और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले कोटा नाका बॉर्डर पर तेंदुआ थाने का पुलिस बल चेकिंग हेतु तैनात किया गया है। पिछोर क्षेत्र में माता टीला डैम, बामोर कला क्षेत्र बार्डर, छार्च थाना क्षेत्र में भैसरावन पर बार्डर चेकिंग शुरू की गई है।
