{"_id":"6725b19b0afbaa98fb0099fb","slug":"jaitpur-rangers-house-was-broken-into-and-assaulted-case-registered-against-three-people-the-accused-was-hunting-forest-animals-shahdol-news-c-1-1-noi1220-2274777-2024-11-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shahdol News: जैतपुर रेंजर से घर में घुसकर मारपीट, शिकार से जुड़ा है मामला, तीन लोगों पर केस दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shahdol News: जैतपुर रेंजर से घर में घुसकर मारपीट, शिकार से जुड़ा है मामला, तीन लोगों पर केस दर्ज
Sat, 02 Nov 2024 11:24 AM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Sat, 02 Nov 2024 11:24 AM IST
सार
रेंजर राहुल सिकरवार ने बताया कि कुछ दिन पहले करुणेंद्र सिंह को वन विभाग ने पकड़ा था। एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें वह भी शामिल थे। इसी कारण से आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है।
विज्ञापन
रेंजर राहुल सिकरवार
विस्तार
शहडोल जिले के जैतपुर के रेंजर के घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस वारदात को पूर्व में वन्य जीवों के शिकार के आरोप में पकड़े गए आरोपी करुणेंद्र सिंह, पुत्र दादूराम सिंह निवासी शहडोल ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। घटना के बाद रेंजर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, जैतपुर रेंजर राहुल सिकरवार बीती रात अपने शासकीय रेंजर आवास में थे। रात लगभग साढ़े 9 बजे किसी ने दरवाजे पर दस्तक दी। जब उन्होंने दरवाजा खोला, तो देखा कि शिकार के आरोप में पहले पकड़ा गया करुणेंद्र सिंह अपने दो अन्य साथियों के साथ बाहर खड़ा था। दरवाजा खोलते ही आरोपी ने रेंजर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। रेंजर ने बताया कि करुणेंद्र बार-बार यह पूछ रहा था कि जब उसे गिरफ्तार कर जैतपुर लाया गया था तो उससे पूछताछ करने वाले दो अधिकारी कौन थे। रेंजर ने कहा कि मुझे इसका पता नहीं है, जिससे करुणेंद्र गुस्से में अपने साथी को आवाज देकर गाड़ी से बंदूक लाने के लिए कहने लगा।
विज्ञापन
रेंजर आवास के बगल में डिप्टी रेंजर का आवास है, कुछ बीट गार्ड भी वहीं रहते हैं। बंदूक लाने की आवाज सुनकर अन्य लोग भी बाहर निकल आए, तब आरोपी करुणेंद्र अपने दोनों साथियों के साथ गाड़ी में बैठकर वहां से फरार हो गया।
विज्ञापन
रेंजर राहुल सिकरवार ने बताया कि कुछ दिन पहले करुणेंद्र सिंह को वन विभाग ने पकड़ा था। एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें वह भी शामिल थे। करुणेंद्र के घर में जब छापेमारी की गई, तो वहां से दांत और बंदूक की गोलियां बरामद हुई थीं। पूछताछ के लिए उसे जैतपुर रेंज लाया गया था, जहां कई अधिकारियों ने उससे अलग-अलग पूछताछ की थी। करुणेंद्र उन्हीं अधिकारियों का नाम जानने के लिए रेंजर के आवास पर आया था। जब रेंजर ने उसे नाम बताने से मना किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। करुणेंद्र ने अपने साथी से गाड़ी पर रखी बंदूक लाने को कहा, लेकिन अन्य अधिकारी और कर्मचारी बाहर निकल आए, जिससे वह वहां से भाग गया।
जैतपुर थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड़ ने बताया कि रेंजर के आवास में घुसकर तीन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। रेंजर की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी सफेद रंग की कार में सवार होकर पहुंचे थे, फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और मामले की जांच की जा रही है।
