Sehore News: आग का तांडव देख रो पड़े किसान, 50 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जली, चार दमकलों ने पाया काबू
किसानों की आंख के सामने धू-धू कर जल रही गेहूं की फसल देख किसानों के आंखो में आंसू आ गए। ग्रामीणों व फायर बिग्रेड के प्रयास से तीन घंटे बाद आग पर काबू पा लिया। इस बीच 13 किसानों की 50 एकड़ में खड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी।
विस्तार
सीहोर जिले में आने वाले भैरुंदा तहसील क्षेत्र के गांव अतरालिया में अचानक किसानों के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख आसपास मौजूद किसानों ने इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी। इसके साथ ही मौजूदा संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना पर तत्काल भैरूंदा से दो फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि रुकने का नाम नहीं ले रही थी। इसके बाद रेहटी व इछावर से भी दो फायर बिग्रेड को बुलाया गया। मगर आग पर जब तक काबू पाया जाता, तब तक काफी देर हो चुकी थी। किसानों की आंखों के सामने 50 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। आग का कारण अज्ञात बताया जा रहा है।
अतरालिया गांव में किसान भारत सिंह के खेत में आग की लपटें उठते देख आसपास मौजूद किसानों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू करना चाहा, लेकिन हवा के रूख के साथ आग अपना रौद्र रुप धारण कर चुकी थी। इससे पहले ही मौके पर फायर बिग्रेड पहुंचती 10 एकड़ खेत जलकर राख हो चुका था। मौके पर पहुंची दो फायर बिग्रेड भी आग पर काबू पा नहीं सकी। जिसके चलते इछावर व रेहटी से दो अन्य फायर वाहनों को बुलाया गया। लगभग 2 घंटे से भी अधिक समय तक आग की लपटें एक के बाद एक किसानों के खेत में पहुंचती जा रही थी। किसानों की आंख के सामने धू-धू कर जल रही गेहूं की फसल देख किसानों के आंखो में आंसू आ गए। ग्रामीणों व फायर बिग्रेड के प्रयास से तीन घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस बीच 13 किसानों की 50 एकड़ में खड़ी फसल जल कर राख हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती...फिर प्यार और जंगल में किया दुष्कर्म
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, दी किसानों को आर्थिक मदद की सांत्वना
सूचना पर तत्काल एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी, एसडीओपी दीपक कपूर, थाना प्रभारी घनश्याम दांगी, तहसीलदार सौरभ शर्मा सहित पटवारी व पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम ने किसानों को सात्ंवना दी कि जल्द से जल्द प्रभावित फसल के नुकसान की भरपाई शासन के निर्धारित मानकों के आधार पर पहुंचाई जाएंगी। प्रशासन का अमला मौके से हटते ही जली फसल का सर्वे कर रहे पटवारी के साथ किसानों ने झूमाझटकी शुरू कर दी, इस बीच पटवारी को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। पटवारी ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए एफआईआर दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: छह महीने के बच्चे पर झाड़-फूंक करने वाले तांत्रिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा, जानें पूरा मामला
50 एकड़ में खड़ी फसल जलकर हुई राख, 25 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान
हल्का पटवारी हरिद्धार कीर ने बताया कि मंडी-अतरालिया गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में किसान संतराम पुत्र मांगीलाल, सतीश पुत्र संतराम, ब्रजेश पुत्र गुलाब सिंह, राज सिंह पुत्र गुलाब सिंह, सलिता बाई पत्नि ग्यारसीराम, रघुनाथ पुत्र विष्णु, सुदामा पुत्र हीरालाल, बसंतराम पुत्र रंजय सिंह, प्रेम नारायण पुत्र सुदामाप्रसाद, शिव प्रसाद पुत्र गुलाब सिंह, प्रीति पुत्र राधेश्याम यादव, अरुण पुत्र ओमप्रकाश, भारत सिंह पुत्र अमर सिंह की लगभग 50 एकड़ कृषि भूमि में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जिसमें अनुमानित नुकसान 25 लाख का नुकसान हुआ है। मौका पंचनामा बनाकर रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी जा चुकी हैं। किसानों को भू-राजस्व संहिता की आरबीसी 6/4 के तहत आर्थिक क्षति का मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
