{"_id":"6af6f8b0f26e0ecaa10aa34d","slug":"sehore-four-men-get-life-imprisonment-for-brutal-murder-over-a-buffalo-entering-a-field-sehore-news-c-1-1-noi1381-4929874-2026-11-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीहोर: भैंस खेत में घुसने के विवाद में की थी हत्या, चार दोषियों को उम्रकैद; 12 हजार का जुर्माना भी भरना होगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीहोर: भैंस खेत में घुसने के विवाद में की थी हत्या, चार दोषियों को उम्रकैद; 12 हजार का जुर्माना भी भरना होगा
Fri, 13 Nov 2026 06:07 PM IST
सीहोर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Fri, 13 Nov 2026 06:07 PM IST
सार
सीहोर जिले के आष्टा में भैंस के खेत में घुसने को लेकर हुए विवाद में नर्बत दंगोलिया की हत्या के मामले में न्यायालय ने चार आरोपियों को दोषी ठहराया। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश महेश कुमार चौहान ने संजू, देवकरण, भुरूलाल और सिद्धलाल को आजीवन कारावास तथा प्रत्येक पर तीन हजार रुपये जुर्माना लगाया।
विज्ञापन
आष्टा न्यायालय
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
खेत में भैंस के घुसने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना खूनी हो गया कि चार लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति को कुल्हाड़ी और लाठियों से बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य वारदात में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए चारों आरोपियों को हत्या का दोषी करार दिया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश महेश कुमार चौहान, तहसील आष्टा के न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए चारों को आजीवन कारावास की सजा और प्रत्येक पर तीन हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
विज्ञापन
अपर लोक अभियोजक दिनेश कुमार सोनी के अनुसार घटना 10 दिसंबर 2024 की शाम करीब 7:30 बजे की है। फरियादी रीना बाई अपने बेटे रवि के साथ थाना जावर पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति नर्बत दंगोलिया डेयरी पर दूध देने गए थे। वह देवबड़ला रोड पर सरकारी स्कूल के सामने पुलिया के पास खड़ी थी। इसी दौरान नर्बत वहां पहुंचे, तभी उनके भाई संजू दंगोलिया और देवकरण वहां आ गए। दिन में भैंस के खेत में घुसने की बात को लेकर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- सागर कोर्ट का बड़ा फैसला: फरियादी और गवाहों के मुकरने के बावजूद हत्या के प्रयास के दोषी को 5 साल की सजा
विज्ञापन
कुल्हाड़ी से सिर पर वार, लाठियों से भी किया ताबड़तोड़ हमला
विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। संजू के हाथ में कुल्हाड़ी थी, जिससे उसने नर्बत के सिर और पैर पर वार किए। वहीं देवकरण ने डंडे से हमला कर उनके कंधे पर चोट पहुंचाई। शोर सुनकर भुरूलाल और सिद्धलाल भी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए नर्बत की जांघ, पिंडली और हाथ पर प्रहार किए। अचानक हुए इस हमले से नर्बत गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं नर्बत की सांसें
घटना के दौरान रीना बाई के बेटे रवि, उसके दोस्त सर्वेश गुणवान और नर्बत की बहन सुनीता बाई ने बीच-बचाव किया। मारपीट के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। नर्बत की गंभीर हालत देखकर बेटे रवि ने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया और उन्हें शासकीय अस्पताल जावर पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद नर्बत को मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने दर्ज किया था हत्या का मामला, न्यायालय में पेश किए साक्ष्य
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना जावर में अपराध क्रमांक 394/24 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 296, 115(2) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचक उपनिरीक्षक वीरमलाल वर्मा ने मामले की जांच पूरी कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका साबित करने के तर्क रखे।
चारों आरोपियों को उम्रकैद, प्रत्येक पर तीन हजार रुपये जुर्माना
न्यायालय ने अभियोजन के साक्ष्यों और अंतिम बहस के दौरान प्रस्तुत तर्कों से सहमत होते हुए संजू दंगोलिया, देवकरण, भुरूलाल और सिद्धलाल निवासी ग्राम बिलपान, तहसील जावर को हत्या का दोषी पाया। चारों को बीएनएस की धारा 103(1) के तहत आजीवन कारावास और प्रत्येक को 3 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

