सतना केंद्रीय जेल से आजीवन कैदी फरार: शौचालय जाने के बाद नहीं लौटा; 15 बार जा चुका था पैरोल पर
सतना केंद्रीय जेल से पत्नी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा 52 वर्षीय बंदी फरार हो गया। वह जेल परिसर में शौचालय जाने के बाद वापस नहीं लौटा। पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
विस्तार
मध्य प्रदेश के सतना जिले की केंद्रीय जेल से सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां 13 साल से आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक हत्या का आरोपी बंदी फरार हो गया है। घटना के बाद से जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
गौशाला की कमान से हुआ फरार
जेल प्रशासन के मुताबिक, 52 वर्षीय अच्छेलाल प्रजापति मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत पडक्का ग्राम का निवासी है, जो पत्नी की हत्या के मामले में धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था। वह आज दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच जेल परिसर स्थित टॉयलेट गया था, लेकिन 21 मिनट बाद वहां से गायब हो गया।
जेल अधीक्षक ने दी घटना की जानकारी
जेल अधीक्षक लीना कोष्ठा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बंदी रोज की तरह सुबह गौशाला और साफ-सफाई के काम के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान उसने प्रभारी बंदी को शौच के लिए जाने की बात कही और वह मंदिर के पास बने शौचालय की तरफ गया, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा।
15 बार पैरोल पर जा चुका है बंदी
जेल अधीक्षक ने यह भी जानकारी दी कि फरार कैदी अपनी सजा के दौरान तकरीबन 15 बार छुट्टी (पैरोल) पर जा चुका है। उसने अपनी सजा के 13 साल 4 महीने पूरे कर लिए थे और आगामी जनवरी माह में उसकी रिहाई भी संभावित थी। साथ ही, कुछ ही दिनों में उसका पैरोल भी स्वीकृत होने वाला था।
ये भी पढ़ें- खौफनाक: बेटे की चाह में मां ने एक दिन की नवजात बेटी का गला घोंटा, अस्पताल के बिस्तर पर की ये हैवानियत
पुलिस की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन की ओर से कोलगवां थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कैदी की तलाश के लिए पुलिस और जेल प्रशासन की टीमों का गठन कर दिया गया है, जो लगातार उसकी धरपकड़ के प्रयास कर रही हैं। इसके साथ ही, इस मामले में लापरवाही बरतने वाले प्रहरी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
