Sagar News: तेरहवीं में जा रहे परिवार को बोलेरो ने उड़ाया, एक की मौत…दो अन्य घायल
हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे में रामजी पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शारदा और परिधि को गंभीर चोटें आईं।
विस्तार
सागर के राजघाट रोड पर मेनपानी गांव के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पति, पत्नी और बेटी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का विवरण
सिविल लाइन थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तिलकगंज वार्ड, सागर निवासी रामजी पटेल अपनी पत्नी शारदा पटेल और बेटी परिधि के साथ बाइक से राजा बिलहरा में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में मेनपानी गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो (क्रमांक एमपी 05 बीए 0377) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे में रामजी पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शारदा और परिधि को गंभीर चोटें आईं। बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को जानकारी मिली है कि चालक बिलहरा के पास मढ़खेरा जागीर गांव का निवासी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
