{"_id":"6a943b16e24ef45aad04775d","slug":"panna-conman-arrested-for-duping-woman-of-lakhs-in-jewellery-on-pretext-of-promising-a-child-buried-ornaments-found-empty-envelope-panna-news-c-1-1-noi1508-4667966-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"संतान के नाम पर ठगने वाले गिरफ्तार: मिट्टी में दबाए थे सोने-चांदी के आभूषण, खोदा तो निकला खाली लिफाफा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
संतान के नाम पर ठगने वाले गिरफ्तार: मिट्टी में दबाए थे सोने-चांदी के आभूषण, खोदा तो निकला खाली लिफाफा
Sun, 30 Aug 2026 09:31 PM IST
पन्ना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पन्ना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पन्ना
Published by: पन्ना ब्यूरो
Updated Sun, 30 Aug 2026 09:31 PM IST
सार
पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र में संतान प्राप्ति का झांसा देकर आभूषण ठगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों ने तंत्र-मंत्र और हाथ की सफाई का नाटक कर दंपति से करीब 50 हजार रुपये के गहने लिए और गड्ढे में दबाने का झांसा दिया। पुलिस ने आभूषण सहित सामान बरामद किया।
विज्ञापन
दोनों ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
संतान प्राप्ति का झांसा देकर ग्रामीणों को अपनी ठगी का शिकार बनाने वाले दो शातिर नटवरलालों को अजयगढ़ पुलिस ने बेनकाब कर दिया है। हाथ की सफाई और तंत्र-मंत्र का नाटक रचकर गहने साफ करने वाले इन जालसाजों को पुलिस ने धर दबोचा है। इनके पास से पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषणों समेत ठगी में इस्तेमाल होने वाला सामान और बाइक बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन
ठगी की यह सनसनीखेज वारदात अजयगढ़ इलाके के सिमराखुर्द गांव की है। पीड़ित शंकर कोंदर ने पुलिस को बताया कि गांव में दो अनजान शख्स पहुंचे और उन्होंने बातों-बातों में झांसा दिया कि वे पूजा-पाठ कराकर संतान सुख दिला सकते हैं। हालांकि, इसके लिए उन्होंने शर्त रखी कि शंकर की पत्नी के सारे गहनों की पूजा करनी होगी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- रायसेन: नेपाल की भीषण त्रासदी में फंसे रायसेन के दो लाल, चार दिन से बंद है फोन; परिवारों में मातम जैसा माहौल
विज्ञापन
झांसे में आकर दंपति ने अपने सोने का लॉकेट, चांदी की चूड़ियां और पायल (कीमत करीब 50 हजार रुपये) ठगों के हवाले कर दिए। शातिर ठगों ने पीड़ित से घर के पास ही एक गड्ढा खुदवाया और पॉलीथिन में गहने डालकर उसमें दबाने को कहा। उन्होंने पीड़ित को सख्त हिदायत दी कि 35 दिनों तक रोजाना यहां पूजा करनी है और उसके बाद ही गहने बाहर निकालने हैं, तभी घर में किलकारी गूंजेगी। ठगों के वहां से जाते ही शंकर को शक हुआ। जब उसने तुरंत गड्ढा खोदकर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई—गड्ढे में सिर्फ खाली पॉलीथिन नुमा लिफाफा पड़ा था और सारे आभूषण गायब थे।
यूपी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, जेल भेजे गए
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत अजयगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी शुरू की और मुखबिर की सटीक सूचना पर रविवार 30 अगस्त को पिष्टा गांव के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि वे जादू और हाथ की सफाई दिखाकर गांव के सीधे-सादे लोगों को ठगते थे। पकड़े गए आरोपी इन्साफ अली (38) और इमरित अली (26) उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के गहनों के अलावा डमरू, प्लास्टिक का सांप, टाइगर टेडी, 103 अंगूठियां, बांसुरी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

दोनों ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
