{"_id":"6b02a3e6e1c1155caf0e3e9c","slug":"pandhurna-villagers-raise-funds-to-build-2-5-km-road-alleged-encroachment-on-government-land-delays-access-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"पांढुर्णा: सरकारी व्यवस्था से निराश ग्रामीणों ने खुद बनाई सड़क, चंदा जुटाकर शुरू किया 2.5 किमी का निर्माण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पांढुर्णा: सरकारी व्यवस्था से निराश ग्रामीणों ने खुद बनाई सड़क, चंदा जुटाकर शुरू किया 2.5 किमी का निर्माण
Sun, 22 Nov 2026 01:42 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पांढुर्णा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पांढुर्णा
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Sun, 22 Nov 2026 01:42 PM IST
सार
सड़क की मांग पर सुनवाई नहीं हुई तो मुजावरमाल पंचायत के ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर 2.5 किलोमीटर का रास्ता बनाना शुरू कर दिया। करीब 50 परिवारों की परेशानी के बीच सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप सामने आया है।
विज्ञापन
प्रशासन के रुख से परेशान ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर बनाई सड़क
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सरकारी व्यवस्था से निराश होकर पांढुर्णा जिले की मोहखेड़ तहसील स्थित मुजावरमाल ग्राम पंचायत के बाबा बरदाना भुड़कुम गांव में ग्रामीणों ने अनूठी मिसाल पेश की है। प्रशासनिक उपेक्षा झेल रहे ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाकर स्वयं ही ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। मार्ग न बनने से गांव के लगभग 50 परिवारों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
विज्ञापन
वर्षों पुरानी समस्या से परेशान ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार गांव में पक्के मार्ग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दिनों में ऊबड़-खाबड़ रास्ता कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी कठिन हो जाता है। इसी दुर्गम रास्ते से होकर छोटे बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है, जबकि किसानों को अपने खेतों तक फसल और कृषि सामग्री ले जाने में काफी दिक्कतें आती हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी जब कोई प्रशासनिक सुनवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों ने स्वयं राशि एकत्र कर रास्ता बनाने का निर्णय लिया।
विज्ञापन
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के निवासी राजेश यदुवंशी ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है और वह सड़क का निर्माण रोकने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी ने लगभग दो एकड़ सरकारी पहाड़ी जमीन की खुदाई करके उस पर कब्जा कर लिया है। जब भी ग्रामीण रास्ता देने की मांग करते हैं, तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: देवास: तेज रफ्तार पिकअप ने सवारियों से भरी मैजिक को मारी टक्कर, खंती में पलटे दोनों वाहन; छह घायल
प्रशासन ने दिए सीमांकन के निर्देश
शिकायत मिलने के बाद हल्का पटवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। जांच में ग्रामीणों के आरोपों के अनुसार सरकारी भूमि पर कब्जा कर रास्ता बाधित करने की बात सामने आई। इसके बाद सावरी स्थित मोहखेड़ नायब तहसीलदार कार्यालय ने मौजा मुजावरमाल की 1.7310 हेक्टेयर जमीन का सीमांकन कराने और कब्जा हटाने के आदेश जारी किए।
राजस्व टीम ने शुरू की कार्रवाई
प्रशासन ने राजस्व निरीक्षक और चार पटवारियों का दल बनाया है। पटवारी रोहित मोखे ने बताया कि अतिक्रमण से संबंधित आवेदन प्राप्त हो चुका है। मौके पर जाकर संबंधित व्यक्ति को सरकारी भूमि छोड़ने की समझाइश की थी लेकिन वह जमीन खाली करने के लिए तैयार नहीं हुआ। अब राजस्व दल नियमानुसार सीमांकन कर कब्जा हटाने की कार्रवाई पूरी करेगा।

