एमपीः बारातियों से भरी बस पलटी, 15 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्यप्रदेश में सुबह सवेरे एक दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बारातियों से भरी बस विवाह समारोह के रिसेप्शन में शामिल होने के लिए जा रही थी।
इसी दौरान सामने से आ रही एक कार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 30 लोग घायल भी हुए हैं। हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दुख जताया है। उन्होंने मरने वालों के परिजनों को 1.5 लाख रुपये, घायलों को 25 हजार और गंभीर घायलों को 50 हजार की सहायता देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के इंदौर से एक बस सुबह छह बजे के करीब छिंदवाड़ा के परासिया के पास चांदमोटा के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि बस में बाराती सवार थे जो एक रिसेप्शन में शामिल होने के लिए जा रही थी।
सीएम @ChouhanShivraj ने मृतकों के परिजनों को १.५० लाख, गंभीर घायलों को ५०,००० और अन्य घायलों को २५,००० रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की।
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) December 15, 2015
कार को बचाने के चक्कर में पलटी बस
बस जैसे ही लोंगबाजरी गांव के निकट पहुंची तभी सामने से आती एक कार को बचाने के चक्कर में वह अनियंत्रित हो गई। हादसे के दौरान बस की रफ्तार काफी तेज थी जिसके चलते अनियंत्रित होकर वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई।
आसपास के लोगों ने जैसे तैसे बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसी बीच सूचना पुलिस को भी दी गई। घायलों को बस से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल के लिए भिजवाया गया। जहां 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि 30 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई थी।
सूचना पर प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया। जिला कलेक्टर संकेत कुमार भी मौके पर पहुंचे। वहीं हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां एक पल में ही मातम में बदल गई।
