रतलाम में भीषण आग: कई किलोमीटर में फैला धुआं, पेट्रोल पंप पास होने से घरों को कराया गया खाली
मध्यप्रदेश के रतलाम में एक पाइप गोदाम में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। जहां पर आग लगी है उसी के पास में पेट्रोल पंप भी है। फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। वहीं आसपास रह रहे लोगों को खाली करवाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बड़ी खबर मध्यप्रदेश के रतलाम से आ रही है। शहर के विरियाखेड़ी क्षेत्र के मोहन नगर में पेट्रोल पंप के पीछे भीषण आग लग गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने लगी। हालांकि, इस दौरान बचाव कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, प्लास्टिक पाइप के गोदाम में भीषण आग लगी है। आग का धुआं शहर में तीन से चार किलोमीटर दूर तक फैल गया है। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के घर को खाली करवा लिया गया है। वहीं, पेट्रोल पंप को खाली करवाकर बंद कर दिया गया है।
आग लगने के बाद गोदाम के पास भारी भीड़ जुट गई थी। अफरा तफरी का माहौल मच गया। पुलिस ने तत्काल सभी को वहां से हटाया। गोदाम के पास स्थित पेट्रोल पंप और रिहायशी इलाके तक आग नहीं फैले, इसके लिए प्रशासन और दमकल कर्मी दो घंटे तक आग बुझाने में लगे रहे। रिहायशी इलाका होने की वजह से आग बुझाने में दमकल टीम को खासी मशक्कत भी करनी पड़ी। फिलहाल, आग कैसे लगी इस बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हालांकि जिस पाइप गोदाम में आग लगी है उसके बारे में चौंकाने वाली जानकारी मिली है। जिस कॉलोनी में गोदाम बना है वह अवैध है और गोदाम की भी अनुमति नहीं ली गई है। नगर निगम अब बाउंड्रीवॉल तोडऩे की बात कह रहा है। गोदाम संचालक पर केस दर्ज भी करवाने की बात कही जा रही है।
किसी ने जलाया कचरा तो गोदाम तक पहुंची चिंगारी
आग लगने के कारण कचरा जलाना बताया जा रहा है। दरअसल जिस गोदाम में लगी वहां प्लास्टिक के पाइप बनते हैं। घटना के वक्त भी बड़ी मात्रा में पाइप रखे हुए थे। गोदाम के पास ही कचरे का ढेर लगा है। किसी ने इस कचरे में आग लगा दी और इसकी चिंगारी गोदाम तक जा पहुंची। शुरुआत में तो कुछ नहीं हुआ लेकिन कुछ ही देर में आग ने प्लास्टिक को अपनी जद में लिया और बेकाबू हो गई। मौके पर पुलिस और निगम के अधिकारी पहुंचे।
दस फायर लॉरियों से बुझाई आग
आग बुझाना आसान नहीं था, लिहाजा इसके लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। नगर निगम ने दस फायर लॉरी भेजी। इनमें फोम की लॉरियां भी थीं। इनकी मदद से आग बुझाई गई। आग लगते ही अफरा तफरी मच गई थी। जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो सबसे पहले गोदाम के पास के घरों को खाली करवाया। खासतौर से घरों में रखे गैस सिलेंडरों को हटवाया क्योंकि इससे आग फैलने का खतरा था। जो बाइक रखी थी उनकी बैटरियां निकलवाई। बड़े हादसे की आशंका को देख सामने स्थित पेट्रोल पंप को भी बंद करवाया।
