एमपी: मंडला में दो जुआ फड़ों पर पुलिस की एक साथ दबिश, 11 जुआरी गिरफ्तार; 4.62 लाख रुपए का मशरूका जब्त
मंडला के महाराजपुर थाना पुलिस ने ग्राम रामबाग में दो जुआ फड़ों पर दबिश देकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 32,300 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते और तीन मोटरसाइकिल समेत 4.62 लाख का मशरूका जब्त किया।
विस्तार
मंडला जिले के महाराजपुर थाना पुलिस ने ग्राम रामबाग में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश देकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 32 हजार 300 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 62 हजार 300 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रामबाग के एक खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो वहां दो अलग-अलग जुआ फड़ संचालित होते मिले।
पढे़ं: अपने ही थाना क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर के जनसंवाद से नदारद रहे टीआई, डीसीपी ने किया निलंबित
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 32 हजार 300 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते और तीन मोटरसाइकिल जब्त की गईं। जब्त मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत 4 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

